
मैनपुरी में गरजे जयवीर सिंह
Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में उस वक्त सियासी पारा चढ़ गया जब कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उनके बयान में न सिर्फ आरोप थे, बल्कि आने वाले चुनावों को लेकर बड़ा दावा भी था। बात चाहे घुसपैठ की हो, या कानून-व्यवस्था की हर मुद्दे पर उन्होंने खुलकर अपनी बात रखी और विपक्ष को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
जयवीर सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब-जब कांग्रेस सत्ता में रही, उस दौरान देश में घुसपैठियों की संख्या सबसे ज्यादा बढ़ी। उन्होंने कहा कि उस समय की परिस्थितियां चाहे जो रही हों, लेकिन सच्चाई यही है कि घुसपैठ की समस्या उसी दौर में सबसे ज्यादा बढ़ी, जिसका खामियाजा आज तक देश भुगत रहा है।
उन्होंने आम आदमी पार्टी को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि पार्टी के अंदर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा। उनके मुताबिक, यह पार्टी का आंतरिक मामला जरूर है कि कौन नेता होगा या किसे राज्यसभा भेजा जाएगा, लेकिन यह साफ दिख रहा है कि वहां अनुशासन कमजोर हो रहा है और अंदरूनी खींचतान बढ़ रही है।
जयवीर सिंह ने भारतीय जनता पार्टी की रणनीति पर बात करते हुए कहा कि उनकी पार्टी हमेशा चुनाव मोड में रहती है। उन्होंने बताया कि नई कार्यकारिणी नई ऊर्जा के साथ काम कर रही है और पार्टी के कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच जाकर सरकार की 10 साल की उपलब्धियों को पहुंचा रहे हैं।
असम में चुनाव प्रचार के दौरान योगी आदित्यनाथ के बयान पर उठे विवाद को लेकर भी जयवीर सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि परीक्षा के समय बच्चों को शांति की जरूरत होती है, लेकिन अगर बिना अनुमति के तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजते हैं, तो यह बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने साफ कहा कि चाहे किसी भी धर्म का व्यक्ति हो हिंदू, मुस्लिम, सिख या ईसाई अगर नियमों का उल्लंघन करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के EVM पर उठाए सवालों पर भी उन्होंने पलटवार किया। जयवीर सिंह ने कहा कि जहां विपक्ष जीत जाता है, वहां EVM पर सवाल नहीं उठते, लेकिन जहां हार मिलती है, वहां मशीनों पर आरोप लगाना शुरू कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि भारत की सभी संवैधानिक संस्थाएं पूरी ईमानदारी से काम कर रही हैं और भारत निर्वाचन आयोग भी निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराता है।
मासूम को बहलाकर ले गया… लेकिन बच नहीं पाया आरोपी; पढ़ें मैनपुरी की पूरी खबर
समाजवादी पार्टी द्वारा गांव-गांव अंबेडकर जयंती मनाने के सवाल पर जयवीर सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दलितों को धोखा देने का काम समाजवादी पार्टी ने किया है। उन्होंने ‘गेस्ट हाउस कांड’ का जिक्र करते हुए कहा कि उस घटना को भुलाया नहीं जा सकता, जब मायावती को निशाना बनाया गया था। इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि 2012 से 2017 के बीच जब अखिलेश यादव की सरकार थी, तब प्रदेश में गुंडागर्दी, जमीन कब्जा और दबंगई अपने चरम पर थी, खासकर दलितों की जमीनों पर कब्जे के मामले बढ़े थे।
Location : Mainpuri
Published : 4 April 2026, 1:52 PM IST
Topics : AAP Akhilesh Yadav bjp Congress Jaiveer Singh