
सपा कार्यकर्ताओं ने विधायक के खिलाफ खोला मोर्चा (Img: Dynamite News)
Hamirpur: हमीरपुर में समाजवादी पार्टी और सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति के बीच सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। सोमवार को सपा कार्यकर्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और विधायक की एक फेसबुक (FB) पोस्ट की जांच कराने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। सपा नेताओं का कहना है कि अगर पोस्ट में किए गए दावे सही हैं तो उनके सबूत सार्वजनिक किए जाएं, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाए।
दरअसल, चार दिन पहले सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट साझा की थी। पोस्ट में उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और 'राम मंदिर चंदा चोरी' मामले के आरोपी बताए जा रहे टिन्नू यादव के बीच कथित फोन वार्ता का जिक्र किया था।
पोस्ट में विधायक ने "उल्टा चोर कोतवाल को डांटे" लिखते हुए तंज भी किया था। इसके साथ अखिलेश यादव का एक कार्टून चित्र भी साझा किया गया था, जिसमें दोनों के बीच कई बार फोन पर बातचीत होने का दावा किया गया। पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।
ये भी पढ़ें- मुझे इंसाफ चाहिए… कहते हुए युवक ने कलेक्ट्रेट में खुद पर पेट्रोल डाला, फिर जो हुआ उसने सबको चौंकाया
सोमवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उनका कहना था कि सोशल मीडिया पर इस तरह के दावे बिना प्रमाण के किए जाना गंभीर विषय है और इसकी सच्चाई सामने आनी चाहिए। सपा नेताओं ने मांग की कि पुलिस यह जांच करे कि पोस्ट में किए गए दावों का आधार क्या है और अगर कोई साक्ष्य मौजूद है तो उसे सार्वजनिक किया जाए।
सपा नेता इदरीस खान ने कहा कि अगर विधायक के पास अखिलेश यादव और टिन्नू यादव के बीच कथित बातचीत का कोई ठोस प्रमाण है, तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि अगर ऐसा कोई साक्ष्य नहीं है तो इस तरह की पोस्ट किसी की छवि को नुकसान पहुंचा सकती है। उन्होंने पुलिस से विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। साथ ही कहा कि पार्टी इस मामले में मानहानि का मुकदमा दायर करने पर भी विचार करेगी।
ये भी पढ़ें-विरोध करने पर खाद देने से किया इनकार, महराजगंज के मधुबनी में खाद गोदाम पर क्यों भड़का किसान का गुस्सा?
सपा कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने की मांग की। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर किए गए दावों की सत्यता सामने आनी चाहिए, ताकि किसी तरह का भ्रम न फैले।
Location : Hamirpur
Published : 13 July 2026, 8:52 PM IST