BRICS Summit से लेकर 2027 चुनाव तक; डिंपल यादव ने योगी सरकार पर साधा निशाना, बोलीं- ‘वक्त बदलेगा तो होगी कार्रवाई’

मैनपुरी से सपा सांसद डिंपल यादव ने BRICS Summit से लेकर सहारनपुर मस्जिद मामले, राहुल गांधी को लेकर पीएम मोदी की टिप्पणी, आजम खान के मुकदमों और मायावती के नीला अंगोछा वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी। डिंपल यादव ने बीजेपी सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 12 September 2026, 4:32 PM IST
google-preferred

Mainpuri: समाजवादी पार्टी की मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने BRICS Summit, सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण मामले, राहुल गांधी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणी, आजम खान पर दर्ज मुकदमों और बसपा सुप्रीमो मायावती के बयान समेत कई मुद्दों पर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। डिंपल यादव ने BRICS Summit को लेकर सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि बड़े-बड़े सम्मेलन आयोजित किए जाते हैं, लेकिन इससे दिल्ली में आम लोगों की जिंदगी प्रभावित होती है।

BRICS को लेकर डिंपल ने क्या कहा?

BRICS Summit को लेकर पूछे गए सवाल पर डिंपल यादव ने कहा कि देखना पड़ेगा कि इस तरह के सम्मेलन से देश को क्या फायदा होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार बड़े सम्मेलनों की भूमिका तैयार करती रहती है, लेकिन इन आयोजनों के दौरान पूरी दिल्ली कहीं न कहीं थम जाती है। डिंपल यादव के मुताबिक, सम्मेलन के चलते स्कूल और कॉलेज तक बंद करने पड़ते हैं। उन्होंने सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन पहले भी हो चुके हैं, इसलिए सरकार को यह बताना चाहिए कि उनसे देश को आखिर क्या फायदा हुआ।

मस्जिद मामले पर भी सरकार को घेरा

सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण मामले में हाई कोर्ट की ओर से सरकार से जवाब मांगे जाने और वसूली के आदेश पर रोक लगाए जाने के सवाल पर भी डिंपल यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में चुनाव करीब हैं और इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार की ओर से इस तरह के फैसले किए जा रहे हैं। डिंपल यादव ने इसे गलत कार्रवाई बताते हुए कहा कि शासन के स्तर पर इस तरह की हरकतें की जा रही हैं।

नौ महीने बाद भी नहीं मिला इंसाफ! वंश कश्यप के माता-पिता का धरना चौथे दिन जारी, डिंपल यादव ने वीडियो कॉल पर सुना दर्द

पीएम मोदी की टिप्पणी पर बोलीं डिंपल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से राहुल गांधी को लेकर की गई 'फूफा' वाली टिप्पणी पर भी डिंपल यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस दौरान युवाओं को लेकर दिए गए बयानों का भी जिक्र किया। डिंपल यादव ने आरोप लगाया कि देश के युवाओं को लेकर सरकार की ओर से कभी नक्सली तो कभी आतंकवादी जैसी बातें कही जा रही हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना गलत है।

सड़क और एक्सप्रेसवे के उद्घाटन पर भी सवाल

डिंपल यादव ने सरकार की ओर से सड़कों और एक्सप्रेसवे के उद्घाटन को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि देश और उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार फैला हुआ है। सपा सांसद ने दावा किया कि उनके मुताबिक इतिहास में किसी भी सरकार के दौरान इतना भ्रष्टाचार नहीं हुआ, जितना भारतीय जनता पार्टी की सरकार में हुआ है।

Dimple Yadav

डिंपल यादव ने योगी सरकार पर साधा निशाना (IMG: Dynamite News)

आजम खान पर दर्ज मुकदमों को लेकर बड़ा दावा

अखिलेश यादव के उस बयान पर कि बीजेपी अपने विधायकों के टिकट काटने जा रही है और सरकार बनने के बाद आजम खान पर दर्ज मुकदमे हटाए जाएंगे, डिंपल यादव से सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर गलत तरीके से मुकदमे दर्ज किए गए हैं, उनकी सही तरीके से जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है। आजम खान का नाम लेते हुए डिंपल यादव ने कहा कि जिन लोगों पर गलत मुकदमे लगाए गए हैं, अगर जांच में वे गलत पाए जाते हैं तो ऐसे मुकदमे वापस लिए जाएंगे।

“नारी सिर्फ नारा बनकर रह गई”… भाजपा पर बरसे अखिलेश यादव, डिंपल यादव बोलीं- महिलाओं के सम्मान में सिर्फ समाजवादी मैदान में

'नीला अंगोछा' वाले बयान पर भी जवाब

बसपा सुप्रीमो मायावती के उस बयान पर भी डिंपल यादव ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने अखिलेश यादव पर नीला अंगोछा डालने को लेकर निशाना साधा था। मायावती ने कहा था कि सिर्फ नीला अंगोछा डालने से कोई अंबेडकरवादी नहीं हो जाता और इसे दिखावा बताया था। इसके जवाब में डिंपल यादव ने समाजवादी पार्टी की PDA राजनीति का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि PDA में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज शामिल है और 2024 के चुनाव में इन समाजों ने समाजवादी पार्टी को भरपूर साथ और सहयोग दिया।

'यह भारत के अस्तित्व की लड़ाई होने जा रही है'

डिंपल यादव ने मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को गंभीर बताते हुए कहा कि यह लड़ाई बहुत गंभीर है। उन्होंने इसे भारत के अस्तित्व की लड़ाई तक बताया। सपा सांसद ने कहा कि जब से बीजेपी सत्ता में आई है, तब से राजनीति का स्तर लगातार गिर रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर बनाए जा रहे कथित AI-generated या एडिटेड वीडियो का भी जिक्र किया।

Location :  Mainpuri

Published :  12 September 2026, 4:32 PM IST

Related News

Advertisement