हिंदी
स्वतंत्रता दिवस पर CM विजय का एलान (Img: AI Generated Image)
Tamil Nadu: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर नवजात बच्चों से जुड़ी एक बड़ी योजना का ऐलान किया है। सरकार सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों को एक ग्राम सोने की अंगूठी उपहार में देगी। इस योजना का नाम ‘थाई मामन थंगा मोथिरम’ रखा गया है। योजना पर सरकार हर साल करीब 755.83 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
मुख्यमंत्री विजय ने स्वतंत्रता दिवस पर चेन्नई स्थित फोर्ट सेंट जॉर्ज में तिरंगा फहराया और अपने संबोधन में योजना का जिक्र किया। सरकार के मुताबिक, इस योजना को 15 सितंबर 2026 से औपचारिक रूप से शुरू किया जाएगा। यह तारीख पूर्व मुख्यमंत्री और द्रविड़ आंदोलन के प्रमुख नेता सी.एन. अन्नादुरई की जयंती है। हालांकि, योजना का लाभ 22 जून 2026 से सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले पात्र बच्चों को भी मिलेगा। योजना के तहत तमिलनाडु के स्थायी निवासी परिवारों के सरकारी अस्पताल में जन्मे बच्चों को एक ग्राम की सोने की अंगूठी दी जाएगी।
सरकार ने इस योजना को तमिल संस्कृति की पारंपरिक रस्म ‘थाई मामन सीर’ से जोड़ा है। इस परंपरा में नवजात बच्चे को मां के भाई यानी मामा की ओर से उपहार दिया जाता है। सरकार इसी भाव को आगे बढ़ाते हुए खुद को बच्चे के ‘मामा’ की भूमिका में रखकर अंगूठी देने की बात कह रही है। योजना का एक अहम उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में प्रसव को बढ़ावा देना भी है। सरकार का मानना है कि इससे माताओं और नवजात बच्चों को सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने में मदद मिलेगी।
अपने पहले स्वतंत्रता दिवस संबोधन में मुख्यमंत्री विजय ने भ्रष्टाचार के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार से निपटना आजादी का एक जरूरी हिस्सा है और उनकी सरकार इस दिशा में काम कर रही है। उन्होंने सरकारी राजस्व को निजी हाथों में जाने से रोकने और सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। साथ ही उन्होंने राज्य के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर अपनी सरकार का रुख बनाए रखने और केंद्र के साथ प्रशासनिक सहयोग जारी रखने की बात कही।
ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र में सरकारी क्वार्टर पर कब्जा अब नहीं चलेगा, तबादले के बाद नियम हुए सख्त, देखें और क्या-क्या बदलाव हुए
सोने की अंगूठी देने की योजना तमिलागा वेत्री कझगम (TVK) के चुनावी वादों में शामिल थी। अब सरकार ने इसके लिए सालाना 755.83 करोड़ रुपये का बजट तय किया है और योजना को लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
Location : Tamil Nadu
Published : 15 August 2026, 2:21 PM IST