जनगणना 2027 में OBC कॉलम को लेकर आर-पार! फतेहपुर में कांग्रेस के इस अल्टीमेटम से सियासी गलियारों में क्यों मचा हड़कंप?

क्या जनगणना-2027 में OBC के लिए अलग कॉलम शामिल होगा? फतेहपुर में पिछड़ा वर्ग कांग्रेस ने इस मांग को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपकर जातिगत आंकड़ों की सटीकता और प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दे उठाए हैं।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 14 September 2026, 4:06 PM IST
google-preferred

Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में जनगणना-2027 को लेकर पिछड़ा वर्ग कांग्रेस ने OBC की जातिगत गणना कराने की मांग उठाई है। जिला पिछड़ा वर्ग कांग्रेस कमेटी की ओर से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी फतेहपुर को सौंपा गया। संगठन ने जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए अलग कॉलम शामिल करने और पहले से सूचीबद्ध जातियों की ड्राफ्ट सूची उपलब्ध कराने की मांग की।

14 अगस्त की अधिसूचना पर जताई आपत्ति

ज्ञापन में कहा गया कि केंद्र सरकार की ओर से 14 अगस्त 2026 को जारी जनगणना संबंधी अधिसूचना में OBC के लिए अलग कॉलम का प्रावधान नहीं किया गया है। संगठन ने यह भी आपत्ति जताई कि जातियों की जानकारी दर्ज करने के लिए पहले से निर्धारित सूची के बजाय ओपन-एंडेड प्रश्न का तरीका अपनाने की बात कही गई है।

तालाब निगल गए दबंग या प्रशासन की खुली लापरवाही? फतेहपुर के इस गांव में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

आंकड़ों की शुद्धता को लेकर उठाए सवाल

पिछड़ा वर्ग कांग्रेस का कहना है कि ओपन-एंडेड तरीके से जातियों की जानकारी जुटाने पर आंकड़ों की सटीकता प्रभावित हो सकती है। संगठन के मुताबिक इससे पिछड़े और अन्य वंचित वर्गों की वास्तविक आबादी के साथ-साथ उनकी सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक और राजनीतिक स्थिति का सही आकलन करने में परेशानी हो सकती है।

प्रतिनिधित्व और आरक्षण के लिए विश्वसनीय आंकड़ों की जरूरत

ज्ञापन में कहा गया कि OBC की वास्तविक आबादी से जुड़े भरोसेमंद आंकड़े प्रतिनिधित्व, आरक्षण, सरकारी संस्थानों में रोजगार और संसाधनों में हिस्सेदारी से संबंधित नीतियां तैयार करने के लिए महत्वपूर्ण हैं। संगठन ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से OBC और जातिगत जनगणना को लेकर उठाई जा रही मांगों का भी उल्लेख किया।

फतेहपुर में नेटवर्क न आने पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, टावर कर्मी को खंभे से बांधा; 6 गिरफ्तार

अलग कॉलम और ड्राफ्ट सूची जारी करने की मांग

पिछड़ा वर्ग कांग्रेस ने राष्ट्रपति और प्रशासन से मांग की कि जनगणना-2027 में OBC के लिए अलग कॉलम जोड़ा जाए और जातिगत जनगणना कराई जाए। इसके साथ ही पहले से सूचीबद्ध जातियों की ड्राफ्ट सूची भी उपलब्ध कराने की मांग की गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला पिछड़ा वर्ग कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष कमलेश लोढ़ी समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Location :  Fatehpur

Published :  14 September 2026, 4:06 PM IST

Advertisement