
बीएल संतोष (Source:X)
Kanpur: कानपुर में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष का दो दिवसीय प्रवास रविवार शाम समाप्त हुआ। गोविंद नगर स्थित एक्सेल पैलेस में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने कहा कि भाजपा को पूरे आत्मविश्वास के साथ रिकॉर्ड जीत हासिल करनी है। उन्होंने साफ किया कि यह आत्मविश्वास होना चाहिए, अहंकार नहीं।
बीएल संतोष ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों नेता झूठ का प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि विपक्ष के प्रचार से प्रभावित होने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देश को रामराज्य की दिशा में ले जा रही है, जबकि सपा सरकार के कार्यकाल को उन्होंने रावणराज जैसा बताया।
भाजपा संगठन महामंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आने वाले पांच महीने बेहद महत्वपूर्ण हैं। प्रत्येक मतदाता के घर तक पहुंचकर उसे पार्टी के पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करना होगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 28 प्रतिशत नए मतदाता हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे युवाओं की है, जिन्हें पिछली सरकारों के कार्यकाल की स्थिति के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। कार्यकर्ताओं को इन युवाओं तक पहुंचने और भाजपा सरकार के कामकाज की जानकारी देने को कहा गया।
बीएल संतोष ने कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के खराब प्रदर्शन पर भी चिंता जताई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उन बूथों की पहचान करने को कहा, जहां पिछले चुनाव में भाजपा को अपेक्षित समर्थन नहीं मिला।
उन्होंने महिलाओं और युवाओं को जोड़ने के लिए वाट्सऐप ग्रुप बनाने तथा उनमें रोजाना भाजपा की विचारधारा और योजनाओं से जुड़ी सामग्री साझा करने के निर्देश दिए।
दधि उत्सव में ‘राजनीतिक गाने’ पर बवाल, महिलाओं-बच्चों को दौड़ाकर पीटा; 45 पर केस
बीएल संतोष ने कहा कि भाजपा सरकार में देश, घर और जीवन को सुरक्षित करने का काम हुआ है। उन्होंने कानपुर में कानून-व्यवस्था की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में शहर में कोई दंगा नहीं हुआ।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कानून-व्यवस्था में आए बदलाव को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाने को कहा।
सम्मेलन के दौरान बीएल संतोष ने संगठन की रिपोर्ट को लेकर जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्षों को भी नसीहत दी। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि ‘मन की बात’ की रिपोर्ट में अगर गलती हुई है तो उसे दोबारा नहीं दोहराया जाना चाहिए।
सड़कों की खराब स्थिति पर भी उन्होंने जनप्रतिनिधियों से सवाल किए। जनप्रतिनिधियों ने एक महीने के भीतर सड़कों को गड्ढामुक्त कराने का आश्वासन दिया। ऐसे में कानपुर प्रवास के दौरान बीएल संतोष का संदेश साफ रहा कि चुनावी जीत के दावे के साथ संगठन को जमीनी कमियों पर भी काम करना होगा।
Location : Kanpur
Published : 14 September 2026, 10:28 AM IST