यूपी के तीन ताकतवर नेता भाजपा की नेशनल टीम से बाहर; चुनावी साल में क्यों कटा पत्ता?

भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को अपनी राष्ट्रीय टीम की घोषणा की है। इस बार टीम से उत्तर प्रदेश के तीन कद्दावर नेताओं को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है, जबकि राज्य में कुछ ही महीनों में चुनाव होना है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 17 August 2026, 5:59 PM IST

New Delhi: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज होती जा रही है। राज्य में तेज होती सियासी गतिविधियों के बीच सोमवार को भारतीय जनता पार्टी ने अपनी राष्ट्रीय टीम की घोषणा की है। नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद भाजपा की नई टीम का ऐलान किया गया, जिसमें कुल 56 लोगों को जगह मिली। चुनावी राज्य उत्तर प्रदेश से 6 नेताओं को नितिन नबीन की नई टीम में जगह मिली लेकिन चुनावी साल में उत्तर प्रदेश से ही तीन कद्दावर नेताओं को भाजपा की नेशनल टीम से बाहर कर दिया गया।

भाजपा की पिछली राष्ट्रीय टीम में उत्तर प्रदेश से लक्ष्मीकांत वाजपेयी, राधा मोहन दास अग्रवाल और सुरेन्द्र नागर को शामिल किया गया था। लक्ष्मीकांत वाजपेयी को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली थी जबक राधा मोहन दास अग्रवाल महामंत्री थे और सुरेन्द्र नागर को मंत्री की जम्मेदारी सौंपी गई थी लेकिन चुनावी साल में इन तीनों नेताओं को नेशनल टीम से बाहर कर दिया गया है।

नई टीम में अनुभव के साथ नए चेहरों पर जोर

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में कई चर्चित नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है, जबकि पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। राम माधव और बैजयंत पांडा समेत कई नेताओं को भी राष्ट्रीय संगठन में अहम भूमिका दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई टीम को बधाई देते हुए इसे अनुभव, ऊर्जा और जमीनी जुड़ाव का मेल बताया है।

ये भी पढ़ें- BJP National Team: नितिन नबीन की नई टीम में UP वालों का दबदबा, इन 21 राज्यों के नेताजी संभालेंगे पूरे देश की बीजेपी

यूपी को लेकर क्यों है इतनी चर्चा?

उत्तर प्रदेश भाजपा के लिए सबसे अहम राज्यों में शामिल है। 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं और पार्टी राज्य में लगातार संगठन को चुनावी मोड में ला रही है। जून में यूपी भाजपा की नई राज्य टीम का भी गठन किया गया था और इसके बाद राष्ट्रीय नेतृत्व ने राज्य के नेताओं के साथ चुनावी तैयारियों को लेकर कई बैठकें कीं। नितिन नबीन ने जुलाई में यूपी का दौरा कर पार्टी नेताओं, सांसदों और एनडीए सहयोगियों के साथ बैठकें की थीं। इन बैठकों में संगठन को मजबूत करने, जमीनी फीडबैक लेने और चुनावी तैयारी को तेज करने पर जोर दिया गया था।

ये भी पढ़ें- बस्ती के बेटे को मिली बड़ी जिम्मेदारी, हरीश द्विवेदी के राष्ट्रीय महामंत्री बनते ही भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल

पुराने चेहरों और नई जिम्मेदारियों पर नजर

नई टीम की घोषणा से पहले यूपी से जुड़े कई नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जगह मिलने की चर्चा थी। इनमें हरीश द्विवेदी समेत कई नाम शामिल थे।  उत्तर प्रदेश में भाजपा पहले ही बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की तैयारी कर रही है। पार्टी की राज्य इकाई ने नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां देते समय क्षेत्रीय, सामाजिक और महिला प्रतिनिधित्व के साथ युवाओं को भी मौका देने पर जोर दिया।

Location :  New Delhi

Published :  17 August 2026, 5:37 PM IST