गुजरात निकाय चुनाव में BJP का दबदबा, 15 के 15 नगर निगमों पर जीत, पंचायतों में भी लहर

गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी 15 नगर निगमों पर कब्जा कर लिया है। नगर निगमों के साथ जिला पंचायत और तालुका पंचायतों में भी भाजपा ने बढ़त बनाई है। मोरबी नगर निगम में भाजपा ने सभी 52 सीटें जीत लीं। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले इन नतीजों को भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक संकेत माना जा रहा है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 28 April 2026, 7:44 PM IST

Gandhi Nagar: गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों ने राज्य की राजनीति में बड़ा संदेश दिया है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले हुए इस बड़े चुनावी अभ्यास में भारतीय जनता पार्टी ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए सभी 15 नगर निगमों पर कब्जा जमा लिया है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक भाजपा ने नगर निगमों की आधे से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल की है और कई जगह विपक्ष को पूरी तरह पीछे छोड़ दिया।

15 नगर निगमों में BJP का परचम

राज्य के 15 नगर निगमों में भाजपा ने निर्णायक जीत दर्ज की। अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, राजकोट और जामनगर जैसे बड़े शहरों में भाजपा ने मजबूत प्रदर्शन किया। Ahmedabad नगर निगम की 192 सीटों में भाजपा ने 160 सीटें जीत लीं, जबकि कांग्रेस को 32 सीटें मिलीं। Surat नगर निगम की 120 सीटों में भाजपा ने 115 सीटें हासिल कर विपक्ष को लगभग खत्म कर दिया। कांग्रेस को सिर्फ 1 सीट मिली, जबकि अन्य दलों को 4 सीटें मिलीं। Vadodara में भाजपा ने 76 में से 69 सीटें जीतीं। कांग्रेस 6 सीटों पर सिमट गई। Rajkot में भाजपा को 72 में से 65 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस को 7 सीटें मिलीं।

मोरबी में BJP का क्लीन स्वीप

सबसे ज्यादा चर्चा Morbi नगर निगम की रही, जहां भाजपा ने सभी 52 सीटों पर जीत हासिल की। यह परिणाम पार्टी के लिए सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिना जा रहा है। इसके अलावा नडियाद, नवसारी और सुरेंद्रनगर जैसे नगर निगमों में भी भाजपा ने लगभग पूरी तरह कब्जा जमा लिया। Nadiad में भाजपा ने 52 में से 51 सीटें जीतीं। Navsari में भाजपा को 50 सीटें मिलीं। Surendranagar में भी भाजपा ने 51 सीटें अपने नाम कीं।

By-Election: महाराष्ट्र और गुजरात में उपचुनाव से बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी, बारामती सीट बनी हाई-प्रोफाइल मुकाबला

जिला पंचायत और तालुका पंचायतों में भी बढ़त

भाजपा की बढ़त सिर्फ शहरों तक सीमित नहीं रही। ग्रामीण इलाकों में भी पार्टी ने मजबूत प्रदर्शन किया। 34 जिला पंचायतों की कुल 1,090 सीटों में भाजपा ने 568 सीटें जीत लीं। कांग्रेस को 77 सीटें मिलीं, जबकि अन्य उम्मीदवारों के खाते में 30 सीटें गईं। 260 तालुका पंचायतों की 5,234 सीटों में भाजपा ने 2,397 सीटों पर जीत हासिल की। कांग्रेस 591 सीटों पर जीत दर्ज कर सकी।

AAP को लगा बड़ा झटका

इन चुनावों में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा। खासकर सूरत नगर निगम में पार्टी का प्रदर्शन कमजोर रहा। 2021 में आम आदमी पार्टी ने सूरत में 27 सीटें जीती थीं, लेकिन इस बार पार्टी सिर्फ 4 सीटों तक सिमट गई। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा के मजबूत संगठन और स्थानीय स्तर पर सक्रियता ने विपक्ष के लिए चुनौती खड़ी कर दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया आभार

चुनाव परिणाम आने के बाद नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर गुजरात की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गुजरात और भाजपा के बीच संबंध और मजबूत हुए हैं। प्रधानमंत्री ने इसे राज्य सरकार के कामकाज और सुशासन पर जनता की मुहर बताया। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा आने वाले समय में और ज्यादा मेहनत करेगी और राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेगी।

DC vs GT Live Score Updates: क्या अपने ही घर में गुजरात टाइटंस को मात दे सकेगी दिल्ली कैपिटल्स

23 साल के युवा उम्मीदवार ने खींचा ध्यान

निकाय चुनावों में एक युवा चेहरा भी चर्चा में रहा। दहेगाम नगरपालिका में 23 वर्षीय ऋषि दीपककुमार अमीन ने चुनाव जीतकर नया रिकॉर्ड बनाया। वार्ड नंबर 5 से भाजपा उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज कर वे नगरपालिका के सबसे युवा जनप्रतिनिधियों में शामिल हो गए।

मतदान प्रतिशत भी रहा अहम

राज्य चुनाव आयोग के अनुसार नगर निगमों में 55.1 फीसदी मतदान हुआ। नगर पालिकाओं में 65.53 फीसदी, जिला पंचायतों में 66.64 फीसदी और तालुका पंचायतों में 67.26 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। सबसे कम मतदान गांधीधाम में 46.03 फीसदी दर्ज हुआ, जबकि वापी में सबसे ज्यादा 72.29 फीसदी मतदान हुआ।

Location :  Gandhi Nagar

Published :  28 April 2026, 7:44 PM IST