UP Politics: ‘मुंह में स्वदेशी, मन में विदेशी’ अखिलेश ने मेक इन इंडिया पर कसा तंज, वन नेशन-वन इलेक्शन को बताया फेल

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अगर बंगाल-बिहार जैसी चुनावी लूट यूपी में हुई तो भविष्य में चुनाव ही नहीं होंगे। वन नेशन-वन इलेक्शन से लेकर महंगाई तक पर उन्होंने सरकार को घेरा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 13 June 2026, 10:13 AM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर एक बार फिर गरमा गया है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर अब तक का सबसे बड़ा और तीखा हमला बोला है। उर्मिला गार्डन के उद्घाटन के मौके पर पहुंचे अखिलेश यादव ने मंच से हुंकार भरते हुए कहा कि भाजपा ने बंगाल के विधानसभा चुनाव को लूटा है और बिहार के चुनावों में जमकर बेईमानी की है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता को आगाह करते हुए कहा कि अगर बंगाल और बिहार जैसी चुनावी लूट और बेईमानी उत्तर प्रदेश में भी हो गई, तो याद रखिएगा कि भविष्य में देश के भीतर कभी चुनाव ही नहीं होंगे। अखिलेश यादव का यह बयान सोशल मीडिया से लेकर सियासी गलियारों तक में तेजी से वायरल हो रहा है।

कुंवर देवेंद्र सिंह की सपा में वापसी

इस कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने पूर्व सांसद कुंवर देवेंद्र सिंह चौधरी और उनके भारी संख्या में समर्थकों की समाजवादी पार्टी में घर वापसी कराई। कुंवर देवेंद्र सिंह की वापसी से पश्चिमी यूपी में सपा को बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद है। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण बिल और परिसीमन (डिलिमिटेशन) को लेकर सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण बिल के पीछे परिसीमन का खेल इसलिए ला रही थी ताकि देश में ऐसी लोकसभा सीटों का निर्माण किया जा सके, जहाँ से विपक्ष का कोई भी बड़ा नेता भविष्य में चुनाव जीत ही न पाए। यह विपक्ष को पूरी तरह खत्म करने की एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश है।

मैनपुरी से अखिलेश यादव की हुंकार, बोले- बीजेपी की उल्टी गिनती शुरू, कई नेताओं की टिकट होगी साफ

'वन नेशन, वन इलेक्शन का फार्मूला फेल

जब अखिलेश यादव से प्रदेश में पंचायत चुनावों में हो रही देरी को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि पंचायत चुनाव समय पर इसलिए नहीं कराए जा रहे क्योंकि भाजपा का 'वन नेशन, वन इलेक्शन' का पूरा फार्मूला बुरी तरह फेल हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के गांवों के लोग इस बार भाजपा को सबक सिखाने के लिए पूरी तरह तैयार बैठे हैं।

आज गांवों में किसानों को न तो खाद की बोरी मिल पा रही है और न ही खेती के लिए डीजल मिल रहा है। ऊपर से बिजली के स्मार्ट मीटर लगाकर जनता को दिन-दहाड़े लूटने की पूरी तैयारी थी। ग्रामीण इलाकों में अपनी तय हार को देखकर भाजपा बुरी तरह घबरा गई है और इसीलिए चुनावों को टालने के बहाने ढूंढे जा रहे हैं।

महंगाई ऐतिहासिक स्तर पर, विदेश नीति को लेकर उठाए सवाल

केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के दावों पर तंज कसते हुए सपा मुखिया ने कहा कि इस सरकार की बस एक ही सबसे बड़ी उपलब्धि है और वह है ऐतिहासिक महंगाई। आज देश में डीजल, पेट्रोल, खाद की बोरी और रसोई गैस का सिलेंडर आम आदमी की पहुंच से बाहर हो चुका है। सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि आम जनता की जेब काटने के लिए अब पेट्रोल में भी 20 प्रतिशत इथेनॉल की मिलावट की जा रही है।

वहीं पश्चिमी एशिया में चल रहे युद्ध और उसमें भारतीयों की मौत पर दुख जताते हुए अखिलेश ने इसे भारत की विदेश नीति की बड़ी चूक बताया। उन्होंने कहा कि अगर हमारी कूटनीति मजबूत होती और भारत मजबूती से खड़ा होकर युद्ध रुकवा देता, तो न सिर्फ हमारे लोगों की जान बचती बल्कि देश की अर्थव्यवस्था पर भी कोई संकट नहीं आता। अगर ऐसा होता तो सच में पीएम मोदी को दुनिया 'विश्व गुरु' मान लेती।

अखिलेश यादव का दो दिवसीय आगरा दौरा: शोक संवेदना से लेकर ‘विजन इंडिया’ तक, जानें पूरा कार्यक्रम

'मुंह पर स्वदेशी, मन में विदेशी' - मेक इन इंडिया पर साधा निशाना

अखिलेश यादव ने भाजपा के सबसे बड़े नारे 'मेक इन इंडिया' की हवा निकालते हुए कहा कि इन लोगों की असलियत यह है कि इनके मुंह पर तो स्वदेशी का नाम रहता है, लेकिन ये लोग मन से पूरी तरह विदेशी हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का नाम लिए बिना उन्होंने बेहद आक्रामक अंदाज में पूछा कि जो अनरजिस्टर्ड (गैर-पंजीकृत) लोग दिन-रात स्वदेशी-स्वदेशी चिल्लाया करते थे, आज जब देश की संपत्ति बेची जा रही है और महंगाई बढ़ रही है, तो वे सब के सब कहाँ गायब हैं?

Location :  Lucknow

Published :  13 June 2026, 10:13 AM IST