
प्रतीकात्मक छवि (Image Source: X)
New Delhi: साइबर ठगी के तरीके लगातार बदल रहे हैं। पहले ठग लोगों को फर्जी लिंक या अनजान फाइल भेजते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता या फाइल खोलता, उसके मोबाइल को हैक कर बैंक खाते से रुपये निकाल लिए जाते थे। लेकिन अब साइबर ठगों ने ठगी का एक नया तरीका अपना लिया है। इसे 'जीरो क्लिक फ्रॉड' कहा जा रहा है। इसमें मोबाइल यूजर को न तो किसी लिंक पर क्लिक करना पड़ता है और न ही कोई OTP साझा करना पड़ता है, फिर भी बैंक खाते से रुपये निकल सकते हैं।
इस नए तरीके का अंदाजा ग्वालियर में सामने आए मामलों से लगाया जा सकता है। यहां पिछले चार महीनों में दर्ज 65 ई-जीरो एफआईआर में से 70 प्रतिशत मामलों में बिना किसी कॉल, ओटीपी या लिंक पर क्लिक किए मोबाइल हैक होने और बैंक खाते से रुपये कटने की शिकायतें सामने आईं। लोगों को ठगी का पता तब चला, जब उनके मोबाइल पर बैंक खाते से पैसे कटने के मैसेज पहुंचे।
ग्वालियर की सिंध विहार कॉलोनी निवासी माया अग्रवाल के साथ 2.71 लाख रुपये की ठगी हुई। वहीं, भितरवार जनपद के सीईओ एलएन पिप्पल भी 98 हजार रुपये गंवा चुके हैं। ये मामले बताते हैं कि साइबर ठगी के नए तरीकों से बचाव के लिए केवल अनजान लिंक से दूरी बनाना पर्याप्त नहीं है।
साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, हर स्मार्टफोन के ऑपरेटिंग सिस्टम और मैसेजिंग एप में समय-समय पर कुछ तकनीकी खामियां रह जाती हैं। हैकर्स इन्हीं कमजोरियों का फायदा उठाकर खास तरह का डाटा पैकेट तैयार करते हैं। इसे सामान्य मिस्ड कॉल, इमोजी या मैसेज के रूप में टारगेट किए गए मोबाइल पर भेजा जा सकता है।
Bareilly: भगवान सिंह की मौत के बाद भड़का परिवार, शव रखकर थाने के सामने धरने का ऐलान
विशेषज्ञों के मुताबिक, जैसे ही फोन के बैकग्राउंड में इस डाटा की प्रोसेसिंग होती है, उसमें मौजूद गुप्त कोड सक्रिय हो सकता है। इसके बाद हैकर को डिवाइस तक पहुंच मिल सकती है और वह उसका नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश कर सकता है। इस पूरी प्रक्रिया में मोबाइल इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति को किसी लिंक पर क्लिक करने या फाइल खोलने की जरूरत नहीं पड़ती।
यही वजह है कि इस तरह की ठगी में लोगों को शुरुआत में किसी संदिग्ध गतिविधि का अंदाजा नहीं लग पाता। जब तक बैंक खाते से पैसे कटने का संदेश आता है, तब तक नुकसान हो चुका होता है।
साइबर विशेषज्ञ डॉ. कुलभूषण के अनुसार, मोबाइल यूजर भी अनजाने में अपने फोन की जानकारी तक पहुंच का रास्ता खोल देते हैं। कई लोग एप डाउनलोड करते समय गूगल प्ले स्टोर या आइफोन के एप स्टोर पर उसकी पूरी जानकारी, रिव्यू और कानूनी विवरण नहीं पढ़ते। एप इंस्टॉल करने के दौरान गैलरी, लोकेशन और कॉन्टैक्ट समेत कई सुविधाओं का एक्सेस दे देते हैं।
विशेषज्ञ के मुताबिक, थर्ड पार्टी एप के माध्यम से यह डाटा साझा हो सकता है और हैकर इसका इस्तेमाल मोबाइल में सेंध लगाने के लिए कर सकते हैं। इसलिए किसी भी एप को इंस्टॉल करते समय उसकी जरूरत और मांगी जा रही परमिशन को समझना जरूरी है।
UP Crime: सुलतानपुर में संपत्ति के लिए अपनों ने बहाया खून, चचेरा भाई और भतीजा गिरफ्तार
साइबर ठगी से बचने के लिए व्हाट्सएप और दूसरे मैसेजिंग एप में ऑटो डाउनलोड बंद रखने की सलाह दी गई है, ताकि मालवेयर या अनजान फाइल और डॉक्यूमेंट अपने आप डाउनलोड न हों। गैर-जरूरी एप हटाने के साथ उनकी अनावश्यक परमिशन भी बंद करनी चाहिए। एप हमेशा आधिकारिक स्टोर से ही डाउनलोड करने चाहिए।
इसके अलावा मोबाइल के ऑपरेटिंग सिस्टम को हमेशा अपडेट रखना और टू-स्टेप वेरिफिकेशन चालू करना भी जरूरी है। इसके लिए मजबूत कोड बनाकर सुरक्षित रखना चाहिए। साइबर ठगी के बदलते तरीकों के बीच मोबाइल की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना अब पहले से ज्यादा जरूरी हो गया है।
Location : New Delhi
Published : 22 November 2026, 1:00 AM IST