
दिल्ली और UP समेत 14 राज्यों में आंधी के साथ तूफानी बारिश (Image: Social Media)
New Delhi: मानसून ने अब अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। 27 अगस्त को देश के कई हिस्सों में मौसम अचानक करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 14 राज्यों में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। कुछ इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी राज्यों में अगले कुछ घंटे खास तौर पर मुश्किल भरे हो सकते हैं, जहां भारी बारिश के साथ लैंडस्लाइड का खतरा बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और गुजरात में तेज बारिश और आंधी की संभावना है। तेज हवाओं के चलते पेड़ और बिजली के खंभे गिरने जैसी घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है। किसानों और मछुआरों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
राजधानी दिल्ली में 27 अगस्त को बारिश और आंधी की चेतावनी है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, गाजियाबाद, मुरादाबाद, आगरा, मथुरा, बहराइच, कानपुर, बलरामपुर, महाराजगंज, देवरिया, हमीरपुर, प्रयागराज, सोनभद्र, फतेहपुर, गोंडा, गोरखपुर, झांसी, ललितपुर और मिर्जापुर समेत कई जिलों में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
बिहार के पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, गया, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, रक्सौल, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, अररिया, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, खगड़िया और बेगूसराय में भारी बारिश और आंधी की संभावना है। यहां करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पटना में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग, देहरादून, उत्तरकाशी, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल, चमोली और चंपावत में बारिश और आंधी का अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश के मंडी, शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, किन्नौर, सोलन और बिलासपुर में भी तेज बारिश और हवाओं की चेतावनी है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, बारामूला, अनंतनाग, बडगाम, कुलगाम, रामबन, किश्तवाड़, रियासी, जम्मू और कठुआ समेत कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक असम और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश और आसपास भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। ऐसे में कई इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है। भारी बारिश और आंधी के दौरान लोगों को खुले और पेड़ों वाले इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
Location : New Delhi
Published : 27 August 2026, 7:27 AM IST