
दिल्ली-UP सहित कई हिस्सों में भारी बारिश (Img- Pinterest)
New Delhi: देश के मौसम में इस समय बड़े उलटफेर देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां असम और अरुणाचल प्रदेश जैसे पूर्वोत्तर राज्य भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसी भीषण स्थिति से जूझ रहे हैं, वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान सहित कई इलाकों में लोग भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। इसी बीच मौसम विभाग (IMD) ने देश के 15 राज्यों के लिए नया अलर्ट जारी किया है, जिससे अगले 12 घंटों के भीतर मौसम पूरी तरह बदलने की उम्मीद है। इस दौरान कुछ राज्यों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर तेलंगाना और उसके आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 3.1 से 4.5 किमी की ऊंचाई पर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर भी 5.8 किमी की ऊंचाई पर एक और चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है। हालांकि, उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी और म्यांमार तट के पास बना सिस्टम अब कमजोर पड़ गया है, लेकिन इन मौसमी प्रणालियों के कारण देश के बड़े हिस्से में भारी उथल-पुथल की आशंका है।
दिल्ली-एनसीआर के निवासियों को जल्द ही चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने राजधानी में बारिश की चेतावनी जारी करते हुए मंगलवार (30 जून) और बुधवार (1 जुलाई) के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इस दौरान तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है। 1 जुलाई के बाद दिल्ली में मानसून की सक्रियता और बढ़ सकती है, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी।
उत्तर प्रदेश और बिहार में 29 जून को प्रकृति का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है। यूपी के प्रयागराज, कानपुर, आगरा, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर और मिर्जापुर सहित कई जिलों में 60 किमी/घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं बिहार के पटना, पश्चिमी व पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरनगर, गया और भागलपुर जैसे जिलों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाले झोंकों के साथ मूसलाधार बारिश और तूफान की चेतावनी दी गई है।
Weather Update: देशभर में सक्रिय हुआ मानसून, UP समेत Delhi-NCR और कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
पश्चिम बंगाल के पहाड़ी जिलों जैसे दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में 200 मिमी तक बारिश होने का अनुमान है, जिसके चलते वहां 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है। यहां लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन (लैंडस्लाइड) से सड़क संपर्क टूट गया है।
दूसरी ओर, दक्षिण भारत के केरल में कासरगोड और वायनाड समेत चार जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है, जहाँ 12 से 20 सेमी तक बारिश हो सकती है। तमिलनाडु के चेन्नई और कोयंबटूर सहित कई हिस्सों में भी तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट है। राजस्थान के जयपुर में भी 2 जुलाई से भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।
Location : New Delhi
Published : 29 June 2026, 7:46 AM IST