
Symbolic Photo
New Delhi: राजधानी दिल्ली में मौसम का मिजाज अब बदलने लगा है। लगातार ठंडी हवाओं के असर से सुबह और रात के समय ठंड का अहसास बढ़ने लगा है। अब घरों में पंखे बंद होने लगे हैं, वहीं सुबह-सुबह हल्की ठिठुरन महसूस की जा सकती है। सोमवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे और दोपहर में भी ठंडक बनी रही।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में आर्द्रता का स्तर 96 से 58 फीसदी के बीच रहा। हालांकि विभाग ने सोमवार को हल्की बारिश का अनुमान जताया था, लेकिन दिल्ली में मेघ बरसने से पहले ही बिखर गए। आईएमडी ने बताया कि राजधानी में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसका असर अगले कुछ दिनों में दिखेगा। इससे उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी और दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश व बूंदाबांदी की संभावना है। पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाएं राजधानी में ठंडक बढ़ाएंगी।
लॉरेन्स बिश्नोई गैंग का शूटर अमेरिका में गिरफ्तार, राजस्थान पुलिस की महीनों की मेहनत रंग लाई
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस साल ठंड ने दिल्ली में समय से पहले दस्तक दे दी है। अब सुबह और शाम के अलावा आने वाले हफ्ते में दिन में भी हल्की ठंडक महसूस होगी। सोमवार को आया नगर राजधानी का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, लोधी रोड, पालम और रिज क्षेत्रों में तापमान 17 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। आईएमडी के अनुसार मंगलवार की सुबह आसमान साफ रहेगा, लेकिन हल्का कोहरा और धुंध छाई रह सकती है। एक-दो जगहों पर बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना भी बनी हुई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पश्चिमी विक्षोभ से दिल्ली में बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार से सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय को प्रभावित करेगा। इससे पहाड़ों पर बर्फबारी की शुरुआत हो जाएगी और उसका असर दिल्ली तक पहुंचेगा। नवंबर के पहले सप्ताह में दिल्लीवासियों को सुबह-शाम के अलावा दिन में भी ठंडक महसूस होगी।
अगले पांच दिनों तक छाई रहेगी धुंध
मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले पांच दिनों तक सुबह के समय धुंध या उथला कोहरा छाया रहेगा, जबकि दिन में आसमान साफ या आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 29 और 30 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 31 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच मौसम और साफ रहेगा। दिन का तापमान 30 से 32 डिग्री और रात का 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। हवा की दिशा उत्तर-पूर्व और उत्तर-पश्चिम रहेगी, जिसकी गति 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह परिवर्तन सर्दी की शुरुआती दस्तक है। आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जाएगी और नवंबर के पहले सप्ताह से दिल्ली में ठंड औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी।
Location : New Delhi
Published : 27 October 2025, 9:47 PM IST
Topics : Delhi NCR monsoon New Delhi Weather Update winter season