Vijay Malhotra: दिल्ली बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का निधन, 93 की उम्र में ली अंतिम सांस

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का 93 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन से भारतीय राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 30 September 2025, 8:49 AM IST
google-preferred

New Delhi: भारतीय राजनीति के एक मजबूत स्तंभ और दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वे 93 वर्ष के थे और बीते कुछ दिनों से दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती थे, जहां उन्होंने सुबह 6 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई।

लाहौर में हुआ था जन्म

विजय कुमार मल्होत्रा का जन्म 3 दिसंबर 1931 को लाहौर (अब पाकिस्तान) में हुआ था। विभाजन के बाद उनका परिवार भारत आ गया और उन्होंने दिल्ली को अपनी कर्मभूमि बनाया। वे कविराज खजान चंद की सात संतानों में चौथे थे। शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका योगदान रहा, उन्होंने हिंदी साहित्य में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की थी।

मल्होत्रा ने राजनीति की शुरुआत जनसंघ से की और कालांतर में भाजपा के संस्थापक नेताओं जैसे अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के करीबी माने गए। दिल्ली में संघ की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में उनका अहम योगदान रहा।

तालिबान का डिजिटल ताला! अफगानिस्तान में इंटरनेट और संचार पर पूरी तरह पाबंदी, जानें क्या है वजह?

मनमोहन सिंह को हराया था चुनाव में

प्रो. मल्होत्रा की राजनीतिक यात्रा में सबसे बड़ा मील का पत्थर 1999 का लोकसभा चुनाव रहा, जब उन्होंने दक्षिण दिल्ली सीट से चुनाव लड़ते हुए देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को भारी मतों से पराजित किया। यह जीत न केवल भाजपा के लिए गौरव का क्षण थी, बल्कि मल्होत्रा की मजबूत जनप्रियता का प्रतीक भी बनी।

कैसा रहा राजनीतिक जीवन?

मल्होत्रा दिल्ली प्रदेश जनसंघ के अध्यक्ष (1972-75) और दो बार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष (1977-80, 1980-84) रहे। वे पांच बार सांसद और दो बार विधायक रहे। वर्ष 2004 में जब भाजपा दिल्ली में कमजोर प्रदर्शन कर रही थी, तब भी वे अपनी सीट बचाने वाले इकलौते भाजपा सांसद थे।

नवरात्रि एवं दुर्गापूजा के दौरान महराजगंज में बड़े वाहनों का डायवर्जन, नो-एंट्री जोन घोषित

अपने पूरे राजनीतिक जीवन में विजय कुमार मल्होत्रा को एक बेदाग, सौम्य और विनम्र नेता के रूप में जाना गया। राजनीति के साथ-साथ वे खेल प्रशासन में भी सक्रिय रहे। वे दिल्ली में शतरंज और तीरंदाजी क्लबों के संरक्षक और आयोजक रहे, जिससे युवा वर्ग को खेलों की ओर प्रेरित किया।

नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित अनेक नेताओं ने मल्होत्रा के निधन पर गहरा दुख जताया। सचदेवा ने कहा कि "विजय जी का योगदान दिल्ली भाजपा की नींव मजबूत करने में अतुलनीय है। उनका जाना एक युग का अंत है।"

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 30 September 2025, 8:49 AM IST