

आप चाहें तो घर बैठे ही भारत से Switzerland स्थित Swiss Bank में अपना खाता खोल सकते हैं। पढ़िए डाइनामइट न्यूज़ की ये रिपोर्ट
स्विस बैंक (सोर्स-इंटरनेट)
नई दिल्ली: आप चाहें तो घर बैठे ही भारत से Switzerland स्थित Swiss Bank में अपना खाता खोल सकते हैं। यह बैंक अपनी मजबूत बैंकिंग प्रणाली के लिए जाना जाता है। लेकिन क्या वाकई स्विस बैंक में खाता खोलना इतना मुश्किल है? और क्या आम लोग भी इसमें खाता खोल सकते हैं? इन सवालों के जवाब जानने के लिए हमें Swiss Bank की गोपनीयता और नियमों को समझना होगा।
डाइनामइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, Swiss Bank अपनी गोपनीयता के लिए पूरी दुनिया में मशहूर हैं। इसकी शुरुआत 1713 में हुई थी, जब जिनेवा की महान परिषद ने यह कानून बनाया था कि बैंकों को अपने ग्राहकों की जानकारी गोपनीय रखनी चाहिए। इसका मुख्य उद्देश्य अस्थिर देशों के नागरिकों के पैसे को सुरक्षित रखना था। समय के साथ यह सुविधा काले धन को छिपाने का एक बड़ा जरिया बन गई। खास तौर पर यूबीएस (यूनियन बैंक ऑफ स्विट्जरलैंड) और क्रेडिट सुइस जैसे बड़े बैंक अपनी गोपनीयता के लिए जाने जाते हैं। यहां 'numbered account' प्रणाली में खाताधारक का नाम नहीं, बल्कि एक नंबर होता है, जिससे उसकी पहचान गोपनीय रहती है।
क्या आम लोग स्विस बैंक में खाता खोल सकते हैं?
स्विस बैंक में खाता कोई भी व्यक्ति खोल सकता है। हालाँकि, इसके लिए कुछ शर्तें और मापदंड हैं। विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत भारतीय नागरिक भी व्यापार या निवेश के उद्देश्य से स्विस बैंक में खाता खोल सकते हैं। लेकिन इसे खोलना आम भारतीय बैंक खाता खोलने जितना आसान नहीं है। इसके लिए स्विस बैंकों की कुछ सख्त शर्तें हैं, जिन्हें पूरा करना अनिवार्य है।
खाता खोलने की शर्तें और आवश्यकताएँ
1. आयु सीमा: खाता खोलने वाले व्यक्ति की आयु 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए।
2. न्यूनतम जमा राशि: स्विस बैंक में खाता खोलने के लिए न्यूनतम जमा राशि $1,00,000 (लगभग 85 लाख रुपये) से शुरू होती है। कुछ विशेष खातों में यह राशि $10,00,000 तक हो सकती है।
3. ब्याज दरें और रखरखाव शुल्क: स्विस बैंक अपने खातों पर ज़्यादा ब्याज नहीं देते हैं, लेकिन हर साल $300 (लगभग 25,000 रुपये) का रखरखाव शुल्क लिया जाता है।
4. पहचान प्रमाण: खाता खोलने के लिए वैध पासपोर्ट और पते का प्रमाण अनिवार्य है।
5. धन का स्रोत: आपके पास जो पैसा है, उसका प्रमाण देना ज़रूरी है। बैंक इसकी पूरी तरह से जाँच करते हैं।
6. नंबर वाला खाता: अगर आप बिना नाम वाला नंबर वाला खाता खोलना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको व्यक्तिगत रूप से स्विट्जरलैंड जाना होगा।
खाता खोलने का तरीका
स्विस बैंक में खाता खोलना अब उतना मुश्किल नहीं रहा जितना पहले हुआ करता था। आप ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए:
1. बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और आवेदन पत्र भरें।
2. पहचान प्रमाण और संपत्ति से संबंधित दस्तावेज जमा करें।
3. बैंक आपकी पृष्ठभूमि की जांच करेगा और धन के स्रोत की जांच करेगा।
4. यदि सभी मानदंड पूरे होते हैं, तो आपका खाता खोल दिया जाएगा।
हालांकि, अगर आप 'नंबर वाला खाता' चाहते हैं, तो आपको स्विट्जरलैंड जाना होगा। यह खाता बेहद गोपनीयता प्रदान करता है, लेकिन अब इसमें पारदर्शिता भी लाई जा रही है। Swiss government ने कई देशों के साथ सूचनाएं साझा करने के लिए समझौते किए हैं, ताकि काले धन पर लगाम लगाई जा सके।