
शुभेंदु अधिकारी PA हत्याकांड
Varanasi: पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में बैक टू बैक गिरफ्तारी हो रही है। सीबीआई ने यूपी के वाराणसी से आरोपी विनय राय पमपम (40) को गिरफ्तार किया है। आरोपी गाजीपुर के देवरिया गांव का निवासी है। उसे सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे कड़ी सुरक्षा में बंगाल के लिए रवाना किया गया।
विनय राय पर दर्ज हैं आपराधिक मामले
गिरफ्तार किये गये विनय राय पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसमें हत्या, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। 2012 में दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर से अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तारी के बाद तिहाड़ जेल भी जा चुका है।
इस मामले में अब तक यूपी से तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले दो गिरफ्तारी बलिया के रहने वाले आरोपियों की हुई है।
वाराणसी से गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम उसे बंगाल लेकर रवाना हो गई। पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में सीबीआई ने ये पांचवी गिरफ्तारी की है। सोमवार को एक गिरफ्तारी मुज्जफ्फरनगर से हुई थी।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम आने के 2 दिन बाद 6 मई को 42 साल के चंद्रनाथ रथ की हत्या कर दी गई थी। उनकी कार रुकवाकर कई राउंड फायर किया गया था। चंद्रनाथ रथ के सीने और पेट में 3 गोलियां लगी थीं। सीबीआई को मामले की जांच सौंपी गई थी।
जांच एजेंसियों का मानना है कि हत्या की साजिश और वारदात में कम से कम 8 लोग शामिल थे। हत्या से पहले इन लोगों ने पीए चंद्रनाथ रथ की कई दिनों तक रेकी की थी। हमलावरों की कार हत्या से पहले बाली टोल प्लाजा से गुजरी थी।
सीबीआई की टीम ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी ने दिल्ली के विशेष अपराध विभाग के एक डीआईजी के नेतृत्व में 7 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। सीबीआई की टीम इस मामले में एक-एक कर आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है।
Location : Varanasi
Published : 19 May 2026, 10:49 PM IST