हिंदी
अवीवा बेग कौन हैं (Img Source: Google)
New Delhi: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका राजनीतिक बयान या कोई विवाद नहीं, बल्कि उनका पारिवारिक मामला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा ने अपनी लॉन्ग-टाइम गर्लफ्रेंड अवीवा बेग से कथित तौर पर सगाई कर ली है। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले करीब सात साल से एक-दूसरे को जानते हैं और रिश्ते में हैं। आने वाले दिनों में उनकी शादी राजस्थान के रणथंभौर में होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि परिवार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रेहान वाड्रा और अवीवा बेग की दोस्ती स्कूल के दिनों से रही है। दोनों ने एक ही स्कूल में पढ़ाई की, जहां से उनकी पहचान हुई और समय के साथ यह दोस्ती गहरे रिश्ते में बदल गई। बताया जाता है कि दोनों परिवारों के बीच भी पुराने और करीबी संबंध रहे हैं, जिसकी वजह से यह रिश्ता और मजबूत होता गया।
अवीवा बेग दिल्ली की रहने वाली हैं। वह बिजनेसमैन इमरान बेग और जानी-मानी इंटीरियर डिजाइनर नंदिता बेग की बेटी हैं। नंदिता बेग का नाम दिल्ली के डिजाइन सर्कल में काफी जाना-पहचाना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन के इंटीरियर डिजाइन से जुड़े काम में भी अहम भूमिका निभाई थी। यही वजह है कि दोनों परिवारों के बीच सालों से पारिवारिक और सामाजिक रिश्ते रहे हैं।
अवीवा ने अपनी शुरुआती पढ़ाई दिल्ली के प्रतिष्ठित मॉडर्न स्कूल से की है। इसके बाद उन्होंने ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी से मीडिया कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कुछ समय के लिए इंटीरियर डिजाइन के क्षेत्र में भी काम किया, लेकिन बाद में उनकी रुचि इस फील्ड से हट गई।
फिलहाल अवीवा बेग एक फोटोग्राफर और प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर रही हैं। उन्होंने आर्ट और विजुअल स्टोरीटेलिंग के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। साल 2019 में उनकी प्रदर्शनी “The Illusory World” और 2023 में इंडिया आर्ट फेयर में “You Cannot Miss This” नाम से उनका काम प्रदर्शित किया गया था, जिसे कला जगत में काफी सराहा गया। इसके अलावा अवीवा एक नेशनल-लेवल फुटबॉल खिलाड़ी भी रह चुकी हैं, जो उनके मल्टी-टैलेंटेड व्यक्तित्व को दर्शाता है।
Blue Turmeric: प्रियंका गांधी की थाली का राज़, जानिए नीली हल्दी के चौंकाने वाले फायदे
रेहान वाड्रा और अवीवा बेग की सगाई की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक परिवार से जुड़े होने की वजह से यह निजी मामला भी सुर्खियों में आ गया है। माना जा रहा है कि अगर रणथंभौर में शादी होती है, तो इसमें देश की राजनीति और बिजनेस जगत से जुड़ी कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हो सकती हैं।
फिलहाल, दोनों परिवारों की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है, लेकिन इतना तय है कि प्रियंका गांधी के बेटे की निजी जिंदगी से जुड़ी यह खबर लोगों के बीच खास दिलचस्पी का विषय बनी हुई है।
Location : New Delhi
Published : 30 December 2025, 4:58 PM IST