
मोदी पर टिप्पणी से घिरे मल्लिकार्जुन खड़गे
Patna: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ दिए गए विवादित बयान को लेकर घमासान मचा हुआ है। इस बयान को लेकर खड़गे के खिलाफ शिकायत दर्ज हो गई है। इसके साथ ही बीजेपी ने सोमवार दो देशभर में खड़गे के खिलाफ प्रदर्शन का भी ऐलान कर दिया है। वहीं, कांग्रेस के कई नेता इस मामले में सफाई देकर खड़गे का बचाव कर रहे हैं।
बता दें कि खड़गे पटना दौरे पर हैं और इसी दौरान एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि SIR में गड़बड़ी करने वालों को जेल भेजा जाएगा। इस पर एक व्यक्ति ने कहा कि मोदी नहीं जाएंगे। शख्स के इसी बयान पर खड़गे ने कहा, 'मोदी का बाप भी जाएगा।
इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरएसएस और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर आज आरएसएस की बात की जाए तो लोग इसका अलग-अलग अर्थ निकाल सकते हैं। खरगे ने कहा कि इस देश में जब तक आरएसएस की विचारधारा बनी रहेगी, तब तक शांति नहीं होगी। उन्होंने एसआईआर के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन का समर्थन करने की बिहार की जनता से अपील करते हुए कहा, “यह आजादी की दूसरी लड़ाई है।
मल्लिकार्जुन खड़गे के आपत्तिजनक भाषा के खिलाफ बीजेपी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्णा सिंह कल्लू ने पटना के कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान देश के प्रधानमंत्री और उनके पिता को लेकर अभद्र और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया है।
वहीं BJP ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का पुतला फूंकने का ऐलान भी कर दिया है। पार्टी 26 अक्टूबर को सुबह पटना के इनकम टैक्स सर्कल में खड़गे का पुतला जलाएगी।
कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का बचाव करते हुए कहा कि बेइज्जती की शुरुआत खुद प्रधानमंत्री ने की थी। उन्होंने कहा, 'कभी 50 करोड़ की गर्लफ्रेंड, कभी जर्सी गाय तो कभी मंगलसूत्र छीनने जैसी बातें खुद पीएम कहते हैं। भारत के इतिहास में किसी प्रधानमंत्री ने ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं किया। जब पीएम ऐसी बातें कहते हैं, तब बीजेपी के लोग पूरी तरह चुप क्यों रहते हैं?'
Location : Patna
Published : 26 October 2026, 2:13 AM IST