उत्तर भारत में 19 जनवरी से ठंड और बढ़ने वाली है। IMD के मुताबिक दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण 23 जनवरी तक बारिश-बर्फबारी, घना कोहरा और शीतलहर का असर रहेगा। दिल्ली, यूपी, पंजाब, हरियाणा और बिहार में तापमान गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

ठंड में इजाफा (Weather Update)
New Delhi: उत्तर भारत में आज 19 जनवरी से एक बार फिर ठंड का प्रकोप बढ़ने वाला है। इसकी मुख्य वजह दो सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस हैं, जो तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार इन मौसमी सिस्टम्स का असर पूरे हफ्ते पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बना रहेगा, जिससे 23 जनवरी तक कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि इस समय पश्चिमी हवाएं अनुकूल दिशा में बह रही हैं, जिससे ठंड में इजाफा होगा। 19 जनवरी से तापमान में गिरावट महसूस की जा सकती है। इसका असर राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में साफ तौर पर दिखेगा। इन राज्यों में न्यूनतम तापमान आज के मुकाबले थोड़ा कम रहने की संभावना है।
IMD ने अनुमान जताया है कि अगले दो से तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार के कुछ हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में आज बहुत घना कोहरा रहने का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में अभी भी कोहरा देखा जा सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते इन पहाड़ी राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
गिलगिट से लद्दाख तक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।
IMD के अनुसार 19 जनवरी को हिमाचल प्रदेश और ओडिशा के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की प्रबल संभावना है। उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं के चलते गलन और बढ़ सकती है।
दिल्ली में आज सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा और कई इलाकों में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है।
इसके साथ ही राजधानी में जहरीली धुंध और स्मॉग का खतरा भी बना हुआ है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) के ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंचने की आशंका है। IMD ने दिल्ली के कई इलाकों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.4°C और आयानगर में 4.9°C दर्ज किया गया है।
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर नजर आ रहा है। दिन में धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन रात के समय ठंड बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी शुरू होने के बाद पश्चिमी विक्षोभ के गुजरते ही प्रदेश में फिर से तेज ठंड और गलन महसूस की जाएगी। लखनऊ में आज दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप निकलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
Weather Update: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड चरम पर, कई राज्यों में अगले 72 घंटों की चेतावनी