बड़ी खबर: देश भर में ‘वोट चोरी’ के खिलाफ प्रदर्शन के बीच 42 पूर्व जजों ने चुनाव आयोग को लिखा पत्र

एसआईआर में कथित गड़बड़ी के खिलाफ देश भर में विपक्षी दलों द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन के बीच बड़ी खबर है। देश भर के 42 पूर्व जजों ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 8 October 2026, 4:37 PM IST

New Delhi: कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन द्वारा आज देश भर के जनपद मुख्यालयों में एसआईआर में कथित गड़बड़ी और वोट चोरी के खिलाफ प्रदर्शन के बीच एक बड़ी खबर है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग लेकर हो रहे इस प्रदर्शन के बीच देश के 42 पूर्व जजों ने भारतीय निर्वाचन आयोग को पत्र लिखा है। 42 जजों द्वारा हस्ताक्षरित इस पत्र में चुनाव आयोग का समर्थन किया गया है।

पूर्व जजों ने अपने इस खुले पत्र में बकायदा चेतावनी भी जारी की है। जजों ने इस पत्र में सख्त भाषा का प्रयोग किया है और चुनाव आयोग को कमजोर करने की कोशिशों के खिलाफ चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही बिना किसी ठोस प्रमाण के "वोट चोरी" के आरोपों पर सवाल खड़े किये हैं।

पूर्व जजों ने अपने पत्र में चुनाव आयोग, न्यायपालिका और अन्य संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने के लगातार चल रहे अभियान पर गहरी चिंता जताई है।

जजों ने चेतावनी दी है कि संवैधानिक संस्थाओं को बार-बार चोर और मिलीभगत वाला बताने से लोकतंत्र में जनता का भरोसा कम हो सकता है। पूर्व जजों ने अपने पत्र में कहा है कि संस्थाओं की आलोचना करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन उन्हें बदनाम करना नहीं। पूर्व जजों ने वोटर लिस्ट के 'स्पेशल इंटेंसिव रिविजन' (SIR) का बचाव किया है और इस बात पर जोर दिया है कि यह एक कानूनी प्रक्रिया है जिसका मकसद साफ और सही वोटर लिस्ट सुनिश्चित करना है।

Location :  New Delhi

Published :  8 October 2026, 4:29 PM IST