हिंदी
नीना गुप्ता (File Photo)
नई दिल्ली: गणित का नाम सुनते ही कई छात्रों के माथे पर बल पड़ जाते हैं, लेकिन कोलकाता की नीना गुप्ता के लिए यही विषय जुनून बन गया। उन्होंने गणित की एक ऐसी जटिल समस्या का समाधान खोजा, जिसे करीब सात दशकों से दुनिया के बड़े-बड़े गणितज्ञ सुलझाने में जुटे थे। उनकी इस उपलब्धि ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय गणित जगत को पहचान दिलाई। खास बात यह है कि 2026 में उनकी उपलब्धियों में एक और बड़ा सम्मान जुड़ गया है। उन्हें प्रतिष्ठित TIME100 Next India 2026 की सूची में जगह मिली है।
नीना गुप्ता का जन्म 24 नवंबर 1984 को हुआ था। वह कोलकाता की रहने वाली हैं। उनका बचपन ऐसे परिवार में बीता, जहां पढ़ाई और खासकर गणित को लेकर अच्छा माहौल था। उनके माता-पिता दोनों ही गणित में अच्छी पकड़ रखते थे। यही वजह रही कि छोटी उम्र से ही नीना की इस विषय में दिलचस्पी बढ़ने लगी।
एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनकी मां गणित के सवालों को हल करने को सिर्फ पढ़ाई का हिस्सा नहीं, बल्कि एक शौक की तरह देखती थीं। परिवार से मिले इसी प्रोत्साहन ने गणित के प्रति उनके लगाव को और मजबूत किया।
नीना ने वर्ष 2006 में बेथ्यून कॉलेज से गणित में बैचलर ऑफ साइंस (ऑनर्स) की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने कोलकाता स्थित इंडियन स्टैटिस्टिकल इंस्टीट्यूट (ISI) में दाखिला लिया और 2008 में गणित में मा
70 साल से गणित की दुनिया में एक सवाल विशेषज्ञों के लिए चुनौती बना हुआ था। कोलकाता के इंडियन स्टैटिस्टिकल इंस्टीट्यूट की प्रोफेसर नीना गुप्ता ने अपनी रिसर्च से इस क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की। उनके काम को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है और उन्हें TIME100 Next India 2026 की सूची में जगह मिली है #NeenaGupta #IndianProfessor #TIME100 #IndianMathematician #Trending #Viral
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) November 21, 2026
स्टर डिग्री पूरी की।
गणित में अपनी रुचि को आगे बढ़ाते हुए नीना ने शोध के क्षेत्र में कदम रखा। वर्ष 2011 में उन्होंने इंडियन स्टैटिस्टिकल इंस्टीट्यूट, कोलकाता से गणित में पीएचडी की डिग्री हासिल की। इस दौरान उन्होंने प्रोफेसर अमर्त्य कुमार दत्ता के मार्गदर्शन में बीजगणित (Algebra) के क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल की।
पीएचडी के बाद भी उनका शोध कार्य जारी रहा। उन्होंने गणित की उन जटिल समस्याओं पर काम किया, जिनके समाधान की तलाश लंबे समय से दुनिया के गणितज्ञ कर रहे थे। इसी शोध ने आगे चलकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई।
नीना गुप्ता की सबसे चर्चित उपलब्धियों में से एक बीजगणितीय ज्यामिति (Algebraic Geometry) से जुड़ी समस्या का समाधान है। वर्ष 1949 में मशहूर गणितज्ञ ऑस्कर जारिस्की ने एक सवाल सामने रखा था, जिसे 'जारिस्की कैंसिलेशन प्रॉब्लम' (Zariski Cancellation Problem) कहा जाता है।
इस समस्या को आसान भाषा में समझें तो सवाल यह था कि अगर दो अलग-अलग गणितीय आकृतियों या संरचनाओं में एक अतिरिक्त डाइमेंशन जोड़ने के बाद वे एक जैसी दिखाई देने लगें, तो क्या इसका मतलब यह है कि वे मूल रूप से भी एक जैसी थीं?
यह सवाल दशकों तक गणितज्ञों के लिए चुनौती बना रहा। वर्ष 2014 में नीना गुप्ता ने इस समस्या के एक विशेष संदर्भ में इसका जवाब नकारात्मक हो सकता है, यह दिखाया। उन्होंने एक थ्री-एफाइन वैरायटी (Three Affine Variety) का इस्तेमाल किया, जिसे गणितज्ञ ताकानोरी असानुमा ने विकसित किया था। इसके आधार पर उन्होंने एक काउंटर एग्जांपल तैयार किया।
उनके इस शोध ने गणित की दुनिया में महत्वपूर्ण योगदान दिया और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।
नीना गुप्ता को गणित और शोध के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं। इनमें प्रमुख हैं:
सरस्वती कौसिक मेडल (2013)
इंडियन नेशनल साइंस एकेडमी यंग साइंटिस्ट अवॉर्ड (2014)
शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार (2019)
TWAS यंग एफिलिएट्स (2020)
नारी शक्ति पुरस्कार (2020 और 2021)
रामानुजन पुरस्कार (2021)
इन्फोसिस पुरस्कार (2024)
इन सम्मानों ने गणित के क्षेत्र में उनके शोध और योगदान को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।
नीना गुप्ता की उपलब्धियों का सिलसिला यहीं नहीं रुका। वर्ष 2026 में उन्हें प्रतिष्ठित TIME100 Next India 2026 की सूची में शामिल किया गया। इस सूची में आलिया भट्ट, तापसी पन्नू, सामंथा रुथ प्रभु और अली फजल जैसी जानी-मानी हस्तियों के नाम भी शामिल हैं।
वर्तमान में नीना गुप्ता कोलकाता स्थित इंडियन स्टैटिस्टिकल इंस्टीट्यूट में अपने शोध कार्यों से जुड़ी हैं।
उनकी कहानी खास तौर पर उन बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं। गणित जैसे कठिन माने जाने वाले विषय में अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाकर नीना ने दिखाया है कि जिज्ञासा, मेहनत और लगातार सीखने की ललक से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
Location : New Delhi
Published : 22 November 2026, 1:00 PM IST
Topics : Indian Statistical Institute Neena Gupta Mathematician Neena Gupta Success Story Women in STEM Zariski Cancellation Problem
No related posts found.