क्या आज ठप्प हो जाएगा यूनियन बैंक? 5-डे वर्किंग की मांग पर कर्मचारियों का हल्लाबोल, जानिए किन कामों पर लगेगी ब्रेक

5 दिन की बैंकिंग और लंबित मांगों को लेकर बैंक यूनियनों की आज देशव्यापी हड़ताल। लगातार 4 दिन बैंक बंद रहने से नकद जमा-निकासी और चेक क्लियरेंस प्रभावित होने की आशंका। जानिए कौन से काम रुकेंगे और ग्राहकों के पास क्या हैं विकल्प।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 11 September 2026, 10:59 AM IST

New Delhi: हफ्ते में 5 दिन काम करने की पुरानी मांग को लेकर देश भर के बैंक कर्मचारी आज सड़कों पर उतर आए हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कर्मचारियों ने शुक्रवार को देशव्यापी हड़ताल का फैसला किया है। इस हड़ताल का सीधा असर आम जनता की जेब और रोजाना के बैंकिंग कामकाज पर पड़ता दिख रहा है।

चार दिनों का लंबा सन्नाटा, वीकेंड और त्योहार का असर

शुक्रवार को कर्मचारियों की हड़ताल के बाद शनिवार और रविवार को बैंक बंद रहेंगे। इसके तुरंत बाद कई राज्यों में सोमवार को गणेश चतुर्थी की सरकारी छुट्टी है। इसका मतलब है कि कई शहरों में लगातार चार दिनों तक बैंकों के ताले नहीं खुलेंगे। अगर आपको नकद पैसों की जरूरत है या कोई जरूरी कागजी काम निपटाना है, तो शाखाओं पर निर्भर रहना आपके लिए मुश्किल खड़ा कर सकता है।

शाखाओं में क्या-क्या काम होंगे प्रभावित?

हड़ताल के कारण सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में चेक क्लियरेंस, नकद जमा और निकासी, पासबुक अपडेट और नए लोन से जुड़े काम पूरी तरह अटक सकते हैं। हालांकि, एटीएम और डिजिटल बैंकिंग (इंटरनेट बैंकिंग, यूपीआई, मोबाइल ऐप) सेवाएं चालू रहने की उम्मीद है, लेकिन एटीएम में कैश खत्म होने पर लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।

3 सितंबर से बंद हो जाएगा काम? सुलतानपुर में स्वच्छ भारत मिशन के आउटसोर्स कर्मचारियों ने दी अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

एसबीआई समेत बड़े बैंकों की तैयारी

भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और अन्य प्रमुख सरकारी बैंकों ने पहले ही अपने ग्राहकों को सतर्क कर दिया है। बैंकों का कहना है कि उन्होंने काम सामान्य रखने के इंतजाम किए हैं, फिर भी हड़ताल का असर पड़ना तय है। वहीं, यूनियनों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो 28 सितंबर से तीन दिन की हड़ताल और होगी, जो छमाही खाताबंदी (हाफ ईयरली क्लोजिंग) के समय बैंकिंग सिस्टम को पूरी तरह ठप्प कर सकती है।

Location :  New Delhi

Published :  11 September 2026, 10:59 AM IST