
सांसद निशिकांत दुबे ने शंकरपुर आरओबी का उद्घाटन किया
देवघर वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से आखिरकार राहत मिल गई है। सांसद निशिकांत दुबे ने लोगों को बड़ा तोहफा देते हुए शंकरपुर रेल ओवरब्रिज (आरओबी) का उद्घाटन किया है। जिससे अब सत्संग-भिरखीबाद मुख्य मार्ग पर सफर आसान और सुगम हो गया है। नैयाडीह रेलवे फाटक पर रोजाना लगने वाले लंबे जाम से परेशान लोगों को अब सीधी राहत मिलने लगी है।
देवघर वासियों को बड़ी राहत। शंकरपुर रेल ओवरब्रिज के उद्घाटन से नैयाडीह फाटक पर लगने वाला घंटों का जाम अब मिनटों में खत्म होगा। सांसद निशिकांत दुबे ने लोगों को दिया विकास का तोहफा, आवागमन हुआ आसान।@nishikant_dubey #deoghar pic.twitter.com/aXlHLuCWiJ
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 17, 2026
करीब 808 मीटर लंबे इस रेल ओवरब्रिज के निर्माण पर लगभग 37 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत आई है। पुल शुरू होने के साथ ही अब देवघर से एम्स, गिरिडीह और रांची की ओर जाने वाले लोगों को बिना रुकावट के सफर करने की सुविधा मिलेगी। इससे समय की बचत होगी और सड़क पर लगने वाले लंबे जाम से भी राहत मिलेगी।
दरअसल, सत्संग-भिरखीबाद मुख्य सड़क देवघर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक मानी जाती है। इसी मार्ग से रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। इसी रास्ते में स्थित नैयाडीह रेलवे फाटक हावड़ा-नई दिल्ली मुख्य रेल लाइन पर होने के कारण दिनभर कई बार बंद रहता था। फाटक बंद होते ही सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग जाता था।
इस जाम का सबसे ज्यादा असर एम्स देवघर जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों पर पड़ता था। कई बार एंबुलेंस तक जाम में फंस जाती थीं। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
इन्हीं समस्याओं को देखते हुए रेलवे ने यहां रेल ओवरब्रिज निर्माण का निर्णय लिया था। अब पुल बनकर तैयार होने के बाद लोगों को रेलवे फाटक पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी और यातायात पूरी तरह सुगम हो जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पुल लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान साबित होगा।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि यह आरओबी क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग थी, जिसे कई प्रयासों के बाद पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि देवघर तेजी से विकसित हो रहा है और आने वाले समय में यातायात का दबाव और बढ़ेगा। इसलिए इसी तरह के और भी ओवरब्रिज बनाए जाएंगे।
उन्होंने जसीडीह रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण का मुद्दा भी उठाया और कहा कि यदि झारखंड सरकार रेलवे जमीन से जुड़ी बाधाओं को दूर करती है तो वे लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का आधुनिकीकरण कराने के लिए तैयार हैं।
वहीं विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि यह पुल उनके क्षेत्र के लिए बेहद जरूरी था। उन्होंने रेलवे और सांसद का आभार जताते हुए कहा कि इससे न सिर्फ लोगों का समय बचेगा बल्कि एम्स आने-जाने वाले मरीजों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
Location : Deoghar
Published : 17 May 2026, 2:50 PM IST