
सांसद निशिकांत दुबे
Deoghar: झारखंड के देवघर और गोड्डा को लेकर एक बार फिर बड़े विकासात्मक ऐलान किए गए हैं। सांसद Nishikant Dubey ने ऐसे कई प्रोजेक्ट्स की जानकारी दी है, जिन्हें लेकर इलाके में राजनीतिक और विकासात्मक चर्चा तेज हो गई है। एयरपोर्ट विस्तार से लेकर नई ट्रेन, वंदे भारत के ठहराव और वीजा फैसिलिटी तक, कई बड़े फैसलों का दावा किया गया है। सांसद के इन बयानों को आने वाले समय में संथाल परगना क्षेत्र के लिए गेमचेंजर माना जा रहा है।
देवघर में शुरू होगी वीजा फैसिलिटी
सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि देवघर में इसी साल के अंत तक वीजा फैसिलिटी शुरू करने की तैयारी चल रही है। अगर ऐसा होता है तो देवघर बिहार और झारखंड क्षेत्र का पहला ऐसा शहर बन जाएगा, जहां लोगों को वीजा से जुड़ी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी। अभी तक लोगों को पासपोर्ट और वीजा संबंधी कामों के लिए बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ धाम की वजह से देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवघर पहुंचते हैं। ऐसे में यहां वीजा सुविधा शुरू होने से धार्मिक पर्यटन और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।
450 करोड़ से होगा एयरपोर्ट विस्तार
सांसद ने देवघर एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने बताया कि करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से एयरपोर्ट विस्तार की योजना तैयार की जा रही है। इसके बाद यहां से मुंबई, हैदराबाद समेत कई बड़े शहरों के लिए नई विमान सेवाएं शुरू हो सकती हैं। बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट विस्तार के बाद यात्री सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा और क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा। सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार देवघर को पूर्वी भारत के बड़े धार्मिक और हवाई केंद्र के रूप में विकसित करना चाहती है।
गेम खेलते-खेलते फंस गए लोग, ऑनलाइन ठगी गैंग का पुलिस ने किया खुलासा
रेल और सड़क परियोजनाओं पर भी बड़ा फोकस
निशिकांत दुबे ने गोड्डा से गुजरात और कोटा के लिए नई ट्रेन सेवा शुरू करने की बात भी कही। इसके अलावा वंदे भारत ट्रेन के नए ठहराव, नई रेल लाइन और गंगा नदी पर नए पुल निर्माण की योजनाओं का भी जिक्र किया गया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से झारखंड और बिहार के लाखों लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। खासकर छात्रों, व्यापारियों और यात्रियों के लिए यात्रा आसान होगी। सांसद के इन ऐलानों के बाद इलाके में विकास को लेकर नई उम्मीदें बढ़ गई हैं।
Location : Deoghar
Published : 7 May 2026, 8:45 PM IST