Weather Update: अगले 15 घंटे में 17 राज्यों पर टूटेगा मानसून का कहर, 70 किमी रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं

देश में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। IMD ने दिल्ली, यूपी, बिहार सहित 17 राज्यों में अगले 15 घंटों में भारी बारिश, बिजली गिरने और 70 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी का अलर्ट जारी किया है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 30 June 2026, 7:56 AM IST

New Delhi: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून अब देश के बड़े हिस्से में तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले दो दिनों के भीतर मानसून की उत्तरी सीमा गुजरात के सूरत, मध्य प्रदेश के इंदौर व मंडला, झारखंड के डाल्टनगंज और बिहार के मोतिहारी से होकर गुजरने वाली है।

इसके अलावा उत्तराखंड के कई हिस्सों में भी मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हो चुकी हैं। मौसम विभाग ने अगले 15 घंटों के भीतर देश के 17 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने का हाई अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चलने की आशंका है।

दिल्ली-NCR में उमस से मिलेगी राहत

दिल्ली-एनसीआर के लोग पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस भरी हवाओं से परेशान हैं। हालांकि, मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान ने लोगों को बड़ी राहत दी है। 30 जून को दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी, धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले 5 से 6 दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून दिल्ली-एनसीआर में पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा, जिससे तापमान में भारी गिरावट आएगी।

UP Weather Update: यूपी में मानसून की रफ्तार तेज, कई जिलों में बारिश के आसार, गर्मी से जल्द मिलेगी राहत

उत्तर प्रदेश और बिहार में आंधी-तूफान का अलर्ट

उत्तर प्रदेश और बिहार में आज मौसम का मिजाज बेहद सख्त रहने वाला है। यूपी की राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, लेकिन मेरठ, आगरा, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज सहित दो दर्जन जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है। वहीं बिहार की राजधानी पटना में तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पटना, गया, भागलपुर और पूर्णिया समेत कई जिलों में 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से धूल भरी आंधी चलने और मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

हिमाचल और उत्तराखंड में पहाड़ी आफत

पहाड़ी राज्यों में मानसून की दस्तक के साथ ही चुनौतियां बढ़ गई हैं। उत्तराखंड के पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। यहां 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और अगले कुछ दिनों में तापमान 4 से 6 डिग्री तक गिर सकता है। दूसरी ओर, हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने 2 और 3 जुलाई को कांगड़ा, मंडी, शिमला और कुल्लू जैसे जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। दो जुलाई से सक्रिय होने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ इस स्थिति को और गंभीर बना सकता है।

Weather Update: देशभर में सक्रिय हुआ मानसून, UP समेत Delhi-NCR और कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र का हाल

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल समेत राजगढ़, विदिशा और शिवपुरी जैसे जिलों में 60 से 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और भारी बारिश की चेतावनी है। राजस्थान के कोटा, उदयपुर और जयपुर संभागों में इस पूरे हफ्ते मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। उधर, महाराष्ट्र में अरब सागर के ऊपर बने एक चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के कारण नमी तेजी से बढ़ रही है। कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में 2 और 3 जुलाई को अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

तमिलनाडु के जिलों में चेतावनी

दक्षिण भारत के तमिलनाडु में भी मानसून का असर साफ दिख रहा है। नीलगिरी, डिंडीगुल और थेनी जिलों में बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा चेन्नई, कांचीपुरम और मदुरै जैसे प्रमुख शहरों में भी हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद जताई गई है, जिससे स्थानीय लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

Location :  New Delhi

Published :  30 June 2026, 7:56 AM IST