LPG Crisis: नहीं हो रहा गैस सिलिंडर बुक तो इस नंबर पर करें WhatsApp, तुरंत आएगा कंफर्म मैसेज

एलपीजी गैस बुकिंग में तकनीकी समस्या के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ओटीपी न आने से बुकिंग प्रक्रिया प्रभावित हुई है, हालांकि कंपनी ने WhatsApp, कॉल और ऐप के जरिए गैस बुक करने के विकल्प दिए हैं।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 16 March 2026, 4:15 PM IST

New Delhi: रसोई गैस की जरूरत हर घर की रोजमर्रा की सबसे अहम जरूरतों में से एक है, लेकिन इन दिनों एलपीजी गैस बुकिंग में आ रही तकनीकी दिक्कतों ने उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। खासकर इंडेन गैस उपभोक्ताओं को ओटीपी न मिलने की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, जिसके कारण गैस सिलिंडर की बुकिंग नहीं हो पा रही है। नतीजा यह है कि कई घरों की रसोई पर संकट के हालात बन गए हैं। हालांकि अब उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए व्हाट्सएप और मोबाइल ऐप के जरिए गैस बुकिंग का विकल्प दिया गया है।

ओटीपी की समस्या से बढ़ी परेशानी

इन दिनों गैस बुकिंग के दौरान मोबाइल पर वन-टाइम पासवर्ड यानी ओटीपी नहीं आने की समस्या सामने आ रही है। इस तकनीकी दिक्कत के कारण न तो उपभोक्ता सही तरीके से बुकिंग कर पा रहे हैं और न ही गैस एजेंसी के हॉकर समय पर सिलिंडर की डिलीवरी दे पा रहे हैं। ऐसे में कई घरों में गैस खत्म होने की स्थिति बन गई है और लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

जंग की आंच से यूपी में बिजली की खपत बढ़ी, गैस संकट ने बदली किचन की आदतें

उपभोक्ताओं ने बताई अपनी समस्या

स्थानीय निवासी कल्लन ने बताया कि उनका गैस सिलिंडर काफी समय पहले खत्म हो चुका है, लेकिन कई बार कोशिश करने के बावजूद भी बुकिंग नहीं हो पा रही है। वहीं एक अन्य उपभोक्ता देशराज का कहना है कि ओटीपी न आने के कारण हॉकर भी सिलिंडर देने से इनकार कर रहे हैं। उनका आरोप है कि ओम इंडेन गैस एजेंसी में यह समस्या अक्सर देखने को मिलती है, जिससे उपभोक्ताओं को काफी परेशान होना पड़ रहा है।

एजेंसी संचालक ने बताए वैकल्पिक तरीके

इस पूरे मामले पर एजेंसी संचालक गौतम यादव का कहना है कि गैस की उपलब्धता में कोई कमी नहीं है, बल्कि तकनीकी कारणों से बुकिंग प्रक्रिया प्रभावित हुई है। उन्होंने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे कंपनी के अधिकृत नंबर 8454595555 या 7718955555 पर कॉल करके अपनी गैस बुक करा सकते हैं। इसके अलावा उपभोक्ता व्हाट्सएप नंबर 7588888825 या इंडियन ऑयल वन ऐप के जरिए भी आसानी से गैस बुकिंग कर सकते हैं।

महराजगंज में रसोई गैस की वितरण व्यवस्था पर प्रशासन सख्त, देखिये डाइनामाइट न्यूज़ की ग्राउंड रिपोर्ट

समस्या जल्द हल करने की मांग

हालांकि कई उपभोक्ताओं का कहना है कि इन वैकल्पिक तरीकों से भी बुकिंग प्रक्रिया पूरी तरह आसान नहीं हो पा रही है और ओटीपी की समस्या अभी भी बनी हुई है। ऐसे में लोगों ने मांग की है कि इस तकनीकी खामी को जल्द से जल्द दूर किया जाए ताकि गैस बुकिंग की प्रक्रिया सामान्य हो सके और उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। साथ ही प्रशासन से भी इस मामले में हस्तक्षेप कर समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की जा रही है।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 16 March 2026, 4:15 PM IST