
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (Img: Dynamite News)
Chhatra: चतरा जिले में नशे के कारोबार और अफीम तस्करी के खिलाफ पुलिस अभियान एक बार फिर सफलता की कहानी लिखता दिखा। सदर थाना क्षेत्र के सिक्किद गांव निवासी अनिल कुमार यादव को पुलिस ने लगभग 17 लाख रुपये मूल्य की 2 किलो 900 ग्राम गिला अफीम के साथ गिरफ्तार किया।
एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। झारखंड-बिहार सीमा के गोसाईडीह इलाके में सघन वाहन जांच अभियान के दौरान एक सवारी टेम्पु को रोककर तलाशी ली गई। इसी दौरान अनिल कुमार यादव काले रंग के बैग के साथ भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया।
सर्राफा बाजार की सुरक्षा पर मंथन: डीएम-एसएसपी ने व्यापारियों को सुरक्षित रहने का दिलाया भरोसा
तलाशी में बैग से अवैध अफीम, दो मोबाइल फोन और 1,200 रुपये नगद बरामद किए गए। पूछताछ में पता चला कि अनिल को बड़े तस्करों द्वारा कुरियर के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। दिल्ली पहुंचने पर मोबाइल के जरिए आपूर्ति स्थल और खरीदार की जानकारी दी जानी थी।
एसपी ने कहा कि गिरफ्तार युवक कई राज्यों में पहले भी अफीम की आपूर्ति कर चुका है और तस्करों के तार दिल्ली, बिहार, पंजाब और हरियाणा तक जुड़े हुए हैं। गिरोह से जुड़े कई अहम सुराग पुलिस को मिल चुके हैं, और आपूर्तिकर्ता की पहचान कर ली गई है।
चतरा पुलिस ने साफ किया कि ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में एसडीपीओ चतरा सदर संदीप कुमार सुमन, इंस्पेक्टर विपिन कुमार, हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक दिलीप कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान और चौकीदार शामिल थे।
Location : Chatra
Published : 19 May 2026, 3:07 PM IST