
लाठीचार्ज के जवाब में थमा झारखंड (Img- X)
Ranchi: रांची में प्रतियोगी परीक्षा (JPSC-JSSC) में धांधली के खिलाफ आवाज उठा रहे छात्रों पर पुलिसिया लाठीचार्ज के विरोध में पूरा झारखंड उबल पड़ा है। 11 अगस्त को बीजेपी के 'झारखंड बंद' के आह्वान के बाद राजधानी रांची समेत राज्य भर में सुबह 8 बजे से ही अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और आदित्य साहू के नेतृत्व में शुरू हुए इस राज्यव्यापी बंद का सीधा असर आम जनजीवन पर पड़ा है।
प्रदर्शनकारियों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। रांची के प्रमुख हरमू चौक, कांके रोड स्थित CMPDI गेट और न्यूक्लियस मॉल के बाहर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर टायर जलाकर यातायात पूरी तरह ठप्प कर दिया। जेपी मार्केट और धुर्वा बस स्टैंड पर समर्थकों ने उतरकर दुकानें बंद कराईं, वहीं अरगोड़ा चौक पर सड़क पर धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं की वजह से गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं।
JPSC और JSSC की परीक्षाओं में धांधली व पारदर्शिता की मांग को लेकर छात्र लंबे समय से आंदोलनरत थे। सोमवार को जब आक्रोशित छात्र विधानसभा का घेराव करने बढ़े, तो पुलिस ने वॉटर कैनन (पानी की बौछार) चलाई और उन पर निर्ममता से लाठियां भांजीं। इसी लाठीचार्ज के विरोध में अब छात्रों के समर्थन में पूरी पार्टी सड़कों पर उतर आई है।
हालात को बेकाबू होने से रोकने के लिए रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। संवेदनशील इलाकों और विशेष रूप से जयपाल सिंह स्टेडियम (जहां छात्र जुटते हैं) से लेकर विधानसभा तक भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस की एक टीम हर प्रमुख चौक-चौराहे पर पैनी नजर बनाए हुए है ताकि हिंसा को रोका जा सके।
Location : Ranchi
Published : 11 August 2026, 11:46 AM IST