हवा में ही 40 मिनट तक लटका रहा इंडिगो विमान, तकनीकी खराबी के चलते तिरुपति में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

तिरुपति से हैदराबाद जा रही इंडिगो फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने से मचा हड़कंप। 40 मिनट तक हवा में मंडराने के बाद प्लेन की तिरुपति में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 21 July 2025, 9:15 AM IST
google-preferred

Hyderabad: रविवार शाम यात्रियों के लिए एक डरावना अनुभव उस समय बन गया जब आंध्र प्रदेश के तिरुपति से हैदराबाद के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट में तकनीकी खराबी आ गई। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान को अचानक तकनीकी दिक्कत का सामना करना पड़ा, जिसके चलते वह करीब 40 मिनट तक हवा में ही मंडराता रहा और अंत में तिरुपति एयरपोर्ट पर उसकी इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई।

यह फ्लाइट इंडिगो की A321neo एयरबस थी, जो तिरुपति एयरपोर्ट से शाम करीब 7:42 बजे उड़ान भरने के बाद हैदराबाद के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के बाद कुछ ही देर में तकनीकी गड़बड़ी महसूस की गई, लेकिन पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को वापस तिरुपति एयरस्पेस में ही बनाए रखा और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।

यू-टर्न लेकर हवा में चक्कर लगाता रहा विमान

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार, फ्लाइट तिरुपति से उड़ान भरने के बाद वेंकेटनगरी के पास पहुंची थी, लेकिन वहां से अचानक यू-टर्न ले लिया। इसके बाद विमान लगातार करीब 40 मिनट तक तिरुपति के आसमान में मंडराता रहा, जब तक कि उसे सुरक्षित लैंडिंग की इजाजत नहीं मिल गई।

IndiGo Flight

प्रतीकात्मक छवि (फाटो सोर्स- इंटरनेट)

यात्रियों में मची अफरा-तफरी, सोशल मीडिया पर छाया मामला

घटना के दौरान फ्लाइट में मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री डर और घबराहट के कारण तनाव में दिखे। हालांकि, पायलट और क्रू मेंबर्स ने स्थिति को शांत बनाए रखने की पूरी कोशिश की। विमान की सफल लैंडिंग के बाद राहत की सांस ली गई, लेकिन यात्रियों का गुस्सा भी सामने आया।

फ्लाइट के रद्द होने और स्थिति की अस्पष्ट जानकारी को लेकर यात्रियों ने एयरलाइन के स्टाफ से बहस की। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कई यात्रियों को इंडिगो स्टाफ से नाराजगी जताते हुए देखा जा सकता है। यात्रियों का कहना है कि उन्हें समय रहते न तो किसी प्रकार की तकनीकी जानकारी दी गई और न ही वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था की गई।

इंडिगो की वेबसाइट पर उलझन

वहीं, इंडिगो की वेबसाइट पर दी गई जानकारी और वास्तविक घटना में भी विरोधाभास सामने आया। वेबसाइट के अनुसार, फ्लाइट शाम 7:20 बजे तिरुपति से उड़ान भर चुकी थी और 8:30 बजे हैदराबाद पहुंच गई थी। जबकि वास्तविकता यह रही कि फ्लाइट ने टेकऑफ के कुछ देर बाद ही तिरुपति लौटकर इमरजेंसी लैंडिंग की।

इसके साथ ही तिरुपति से हैदराबाद के लिए अंतिम फ्लाइट को रद्द कर दिया गया, जिससे यात्रियों को और अधिक असुविधा का सामना करना पड़ा।

एयरलाइन की चुप्पी पर उठे सवाल

अब तक इंडिगो एयरलाइन ने इस पूरी घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। यात्रियों और एयर सेफ्टी से जुड़े विशेषज्ञों का कहना है कि इतनी बड़ी घटना के बाद एयरलाइन को पारदर्शिता के साथ सूचना साझा करनी चाहिए थी। विमान में आई तकनीकी खराबी का विवरण अभी सामने नहीं आया है।

Location : 

Published :