
IndiGo फ्लाइट का इंजन फेल (Img: Pinterest)
Chennai: कोलकाता से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-723 में मंगलवार देर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि जब लैंडिंग से कुछ मिनट पहले विमान का बायां इंजन काम करना बंद हो गया। इस विमान में 224 लोग सवार थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चेन्नई एयरपोर्ट पर तत्काल ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी गई। हालांकि, पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुरक्षित रनवे पर उतार लिया और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के अधिकारियों के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E-723 कोलकाता से चेन्नई के लिए रवाना हुई थी। विमान को रात करीब 11.30 बजे चेन्नई पहुंचना था। लैंडिंग की तैयारी के दौरान पायलट को विमान के बाएं इंजन में खराबी का पता चला।
हालात को समझते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी। इसके बाद चेन्नई एयरपोर्ट पर मौजूद इमरजेंसी टीमों को सक्रिय कर दिया गया।
ये भी पढ़ें- Tata Empire टाटा समूह में नेतृत्व परिवर्तन! चंद्रशेखरन के बाद कौन संभालेगा ग्रुप की कमान?
इंजन में खराबी की सूचना मिलने के बाद रात 11.29 बजे चेन्नई एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी लागू कर दी गई। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों को तैयार रखा गया। इसके कुछ ही मिनट बाद विमान ने रनवे-25 पर सुरक्षित लैंडिंग कर ली। रात 11.37 बजे विमान के जमीन पर उतरते ही यात्रियों और एयरपोर्ट प्रशासन ने राहत की सांस ली। विमान में मौजूद सभी 224 लोग सुरक्षित बताए गए।
विमान के सुरक्षित उतरने के बाद एयरपोर्ट पर स्थिति तेजी से सामान्य हो गई। रात 11.47 बजे फुल इमरजेंसी वापस ले ली गई। अधिकारियों के अनुसार, इसके बाद चेन्नई एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही और दूसरे ऑपरेशंस सामान्य रूप से जारी रहे।
घटना के दौरान सबसे अहम बात यह रही कि इंजन में खराबी लैंडिंग से ठीक पहले सामने आने के बावजूद विमान को सुरक्षित तरीके से रनवे तक लाया गया। यात्रियों के लिए कुछ मिनट बेहद तनावपूर्ण रहे होंगे, लेकिन पायलट और एयरपोर्ट टीम की तैयारियों के चलते बड़ा हादसा टल गया।
इससे पहले 4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एयरबस A320 फ्लाइट भी चर्चा में रही थी। उड़ान के दौरान विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गया था। बाद में स्थिति को संभाल लिया गया और विमान दिल्ली में सुरक्षित उतरा। उस घटना में कुछ यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।
Location : Chennai
Published : 12 August 2026, 12:15 PM IST