Indian Railways Special Train: वैष्णो देवी-खाटू श्याम यात्रियों के लिए बड़ा अपडेट, बदलेंगे ट्रेन रूट

भारतीय रेलवे ने अक्टूबर में यात्रियों के लिए कई अहम बदलाव किए हैं। वैष्णो देवी के लिए दिल्ली से तीन दिन स्पेशल ट्रेन चलेगी, जबकि खाटू श्याम के लिए रींगस तक विशेष ट्रेन रहेगी। साहिबाबाद यार्ड में निर्माण कार्य और लखनऊ स्टेशन पर सात घंटे के ब्लॉक से कई ट्रेनों के रूट, समय और प्लेटफॉर्म प्रभावित होंगे।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 October 2026, 8:04 AM IST

New Delhi: भारतीय रेलवे ने अक्टूबर की शुरुआत में यात्रियों की सुविधा को देखते हुए कई अहम बदलाव किए हैं। माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच तीन दिन विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। वहीं खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए दिल्ली से रींगस के बीच विशेष अनारक्षित ट्रेन भी चलेगी। दूसरी ओर, साहिबाबाद यार्ड में निर्माण कार्य और लखनऊ स्टेशन पर सात घंटे के ट्रैफिक ब्लॉक के चलते कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।

वैष्णो देवी के लिए तीन दिन चलेगी स्पेशल ट्रेन

उत्तर रेलवे नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच ट्रेन संख्या 04081/04082 आरक्षित विशेष ट्रेन चलाएगा। नई दिल्ली से यह ट्रेन 2, 3 और 4 अक्टूबर को रात 11:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 12 बजे कटड़ा पहुंचेगी।

वापसी में कटड़ा से ट्रेन 3, 4 और 5 अक्टूबर को रात 9 बजे रवाना होगी। रास्ते में पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला छावनी, लुधियाना, जालंधर छावनी, पठानकोट छावनी और जम्मू तवी समेत प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।

खाटू श्याम जाने वालों के लिए भी राहत

दिल्ली जंक्शन से रींगस के बीच विशेष अनारक्षित ट्रेन भी चलेगी। ट्रेन संख्या 04415/04416 दो अक्टूबर को शाम 6:50 बजे दिल्ली से रवाना होकर रात 12:40 बजे रींगस पहुंचेगी। वापसी में 2 और 3 अक्टूबर को रींगस से रात 2 बजे ट्रेन दिल्ली जंक्शन के लिए रवाना होगी। रींगस खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख रेलवे स्टेशन है।

Weather Update: मॉनसून की विदाई से पहले फिर बदलेगा मौसम, 7 अक्टूबर तक बारिश और आंधी का अलर्ट

साहिबाबाद यार्ड में काम से कई ट्रेनें प्रभावित

साहिबाबाद यार्ड में निर्माण कार्य के कारण तीन अलग-अलग तीन-तीन घंटे के यातायात और बिजली अवरोध लिए जाएंगे। इसके चलते कुछ ट्रेनों के मार्ग बदले गए हैं, जबकि कुछ ट्रेनों को देरी से चलाया या रास्ते में नियंत्रित किया जाएगा।

5 अक्टूबर को बांद्रा टर्मिनस-हरिद्वार ट्रेन और 8 अक्टूबर को बलरामपुर-ग्वालियर ट्रेन के मार्ग में बदलाव रहेगा। इसके अलावा सहरसा-आनंद विहार ट्रेन 6 अक्टूबर को 150 मिनट की देरी से चलेगी। मऊ-आनंद विहार ट्रेन को साहिबाबाद में 45 मिनट और अन्य कुछ ट्रेनों को 10 से 20 मिनट तक नियंत्रित किया जाएगा।

लखनऊ स्टेशन पर 7 घंटे का ब्लॉक

लखनऊ स्टेशन पर 3 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सात घंटे का यातायात ब्लॉक रहेगा। लखनऊ-एलबीएच के बीच डायमंड डबल स्लिप प्वाइंट के नवीनीकरण के लिए यह ब्लॉक लिया जाएगा।

इस दौरान कई ट्रेनों के प्लेटफॉर्म अस्थायी रूप से बदले जाएंगे। प्लेटफॉर्म एक की सात ट्रेनों को प्लेटफॉर्म पांच और सात पर भेजा जाएगा। यात्रियों को स्टेशन पहुंचने के बाद सूचना पट पर प्लेटफॉर्म की जानकारी जांचने की सलाह दी गई है।

Location :  New Delhi

Published :  2 October 2026, 8:04 AM IST