Monsoon Update: 18 राज्यों में भारी बारिश का महा-अलर्ट, दिल्ली-यूपी समेत कई हिस्सों में 80-90 किमी की रफ्तार से चलेगी आंधी

IMD ने 24 जून को 18 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-NCR, यूपी, बिहार और राजस्थान में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी UP में लू का असर रहेगा।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 24 June 2026, 7:47 AM IST

New Delhi: देश के एक बड़े हिस्से में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 24 जून को देश के 18 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 14 घंटों के भीतर पश्चिमी तट और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में मूसलाधार बारिश देखने को मिल सकती है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में बिजली कड़कने और तीव्र आंधी आने की आशंका है।

दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी और बारिश का अनुमान

राजधानी दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों (NCR) में आज मौसम का मिजाज बदलने वाला है। दोपहर के समय वातावरण में अस्थिरता और नमी के कारण धूल भरी आंधी चलने और उसके बाद गरज-चमक के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इस बारिश से न केवल हवा में मौजूद धूल साफ होगी, बल्कि तापमान में भी गिरावट आएगी, जिससे दिल्लीवासियों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।

यूपी के 39 जिलों में लू का कहर जारी, आखिर कब मिलेगी राहत और कब पहुंचेगा मानसून?

उत्तर प्रदेश और बिहार में आंधी-तूफान का तांडव

उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, प्रयागराज, वाराणसी और कानपुर समेत कई जिलों में बहुत भारी बारिश और तूफान का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी के इन हिस्सों में 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी आंधी चल सकती है। हालांकि, इसके विपरीत पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ के कुछ इलाकों में लोगों को अभी भी भीषण लू (Heatwave) का सामना करना पड़ेगा। उधर, बिहार की राजधानी पटना समेत सिवान, गया, पूर्णिया और भागलपुर जैसे जिलों में 50 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार वाली हवाओं के साथ जोरदार बारिश और आंधी का अनुमान है।

राजस्थान और मध्य प्रदेश में राहत की बौछारें

राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, बीकानेर, और अजमेर सहित कई जिलों में आज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। यहाँ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज होगी। मध्य प्रदेश की बात करें तो राजधानी भोपाल में शाम के समय आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है। भोपाल के अलावा उज्जैन, धार और मंदसौर जैसे जिलों के लिए भी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी जारी, अगले तीन दिन और सताएगी लू, जानें कब आएगा मानसून

ओडिशा और तमिलनाडु में मानसून का ताज़ा हाल

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ओडिशा के सभी 30 जिलों में पहुंच चुका है। कटक, कोरापुट और गजपति सहित कई जिलों में भारी बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। यहाँ 50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका है, जिसके चलते मछुआरों को 24 जून तक समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है। वहीं, तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई समेत कई जिलों में अगले दो से तीन दिनों तक मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।

Location :  New Delhi

Published :  24 June 2026, 7:47 AM IST