हिंदी
कार्यकर्तोओं की पुलिस से झड़प
Indore: दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में युवा कांग्रेस के कार्यकर्तोओं द्वारा किए गए प्रर्दशन के विरोध में भाजपा के कार्यकर्तोओं ने इंदौर में शनिवार को गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रर्दशन किया।
माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए वहां पहुंच गए। कुछ ही देर में कांग्रेस और भाजयुमो कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। नारेबाजी के बीच शुरू हुई कहासुनी ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की के बाद पथराव शुरू हो गया।
स्थिति को बेकाबू होता देख मौके पर तैनात पुलिस बल ने तुरंत मोर्चा संभाला। हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस को पानी की बौछार करनी पड़ी। भारी संख्या में पुलिसकर्मी पहले से तैनात थे और कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग की गई थी, ताकि प्रदर्शनकारी आगे न बढ़ सकें।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में भाजयुमो ने इंदौर में कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने की घोषणा की थी। तय कार्यक्रम के अनुसार कार्यकर्ता गांधी भवन पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसी दौरान दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो बाद में झड़प में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ देर तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और भीड़ को तितर-बितर किया। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
Location : Indore
Published : 21 February 2026, 3:41 PM IST
Topics : bjp Congress Indore Police Action protest