
वंदे भारत ट्रेन
New Delhi: उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में कोहरे का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आम लोगों के साथ परिवहन सेवाओं पर भी असर पड़ा। घने कोहरे के कारण ट्रेनों, बसों और फ्लाइटों की रफ्तार धीमी रही और कई मार्गों पर देरी हुई। अधिकारियों ने लोगों से आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है और आने वाले दिनों में कोहरे के चलते परेशानी बनी रहने की संभावना जताई है।
खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस को इस दौरान तीन घंटे और उत्कल एक्सप्रेस को साढ़े छह घंटे की देरी का सामना करना पड़ा। रोडवेज की बसें भी सामान्य समय से एक से दो घंटे देर से अपनी मंजिल पर पहुंची। विमान सेवाओं में भी देरी देखी गई। बेंगलुरु से आने वाली फ्लाइट 27 मिनट और अहमदाबाद की फ्लाइट 16 मिनट लेट रही। बेंगलुरु फ्लाइट सबसे अधिक प्रभावित रही।
वंदे भारत ट्रेन ढाई घंटे लेट दिल्ली पहुंची
उन्नाव के निवासी राजू वर्मा ने बताया कि उनकी धर्मपत्नी माया पटेल अपनी बेटी के घर दिल्ली स्थित न्यू अशोक नगर गई है। वह वंदे भारत एक्सप्रेस से गई हैं। वैसे तो पहुंचने की टाइमिंग रात के 12 बजे थी, लेकिन सुबह 2:27 बजे ट्रेन दिल्ली पहुंची। उन्होंने बताया कि कोहरे की वजह से ट्रेन लेट चल रही है।
दृश्यता शून्य तक पहुंची
इस सप्ताह के पहले दिन से ही कोहरा जारी है। दृश्यता शून्य तक पहुंच गई थी और लोगों को सुबह के समय काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे प्रशासन ने कोहरे को देखते हुए ट्रेनों का संचालन सुरक्षित बनाने के लिए आटोमेटिक सिग्नलिंग सिस्टम की बजाय सेमी-आटोमेटिक प्रणाली अपनाई। इसके तहत एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन के बीच एक ही ट्रेन को ही गुजरने दिया गया।
कितने घंटे लेट हैं ट्रेनें
इससे कुल 25 ट्रेनें विभिन्न समय अंतराल के साथ देरी से चली। इसमें सबसे अधिक प्रभावित उत्कल एक्सप्रेस रही, जो अपने निर्धारित समय से साढ़े छह घंटे देर से रवाना हुई। इसके अलावा सचखंड एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे, मुंबई राजधानी साढ़े तीन घंटे, केरला एक्सप्रेस ढाई घंटे और जबलपुर एक्सप्रेस तीन घंटे लेट रही।
रोडवेज बसों पर भी प्रभाव
सड़क परिवहन पर भी कोहरे का असर साफ देखा गया। नई दिल्ली, लखनऊ और मेरठ से आगरा की ओर जाने वाली रोडवेज की बसें एक से दो घंटे की देरी से अपने गंतव्य पर पहुंचीं। यात्रियों ने बताया कि सुबह सुबह दृश्यता बहुत कम होने की वजह से उन्हें चलने में मुश्किल हुई और वाहन चालक अधिक सावधानी बरतते हुए धीरे चल रहे थे।
विमान सेवाओं में देरी के कारण कई यात्रियों को अपने कनेक्टिंग फ्लाइट्स लेने में परेशानी हुई। एयरलाइन अधिकारियों ने कहा कि मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार दृश्यता कम होने के चलते विमान उड़ानों की गति और समय में समायोजन किया गया। मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए भी चेतावनी जारी की है कि उत्तर प्रदेश, मध्य भारत और अन्य उत्तर-पश्चिमी राज्यों में कोहरे के चलते सुबह के समय दृश्यता कम रहेगी। इस दौरान यात्रियों और वाहन चालकों को आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Location : New Delhi
Published : 20 December 2025, 3:34 AM IST
Topics : FOG Lucknow to Delhi New Delhi Vande Bharat train