
इन्फ्लुएंसर बनाम CJP (Img- Dynamite News)
New Delhi: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फैजान अंसारी और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके के बीच का विवाद अब पुलिस की दहलीज तक पहुँच गया है। फैजान अंसारी ने दिल्ली पुलिस के डीसीपी (DCP) के सामने अभिजीत दिपके के खिलाफ एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है। अंसारी का सनसनीखेज आरोप है कि दिपके के लोगों ने उन पर जानलेवा हमले करवाए थे।
फैजान अंसारी ने शिकायत दर्ज कराने के बाद कहा कि उनके पास इस बात के ठोस सबूत हैं कि उन पर हुए हमलों के पीछे CJP के लोग शामिल थे। उन्होंने बताया, "मुझ पर पहले पुणे और औरंगाबाद में हमले हुए थे और इस मामले में पहले से ही दो एफआईआर (FIR) दर्ज हैं।" फैजान ने मांग की है कि दिल्ली पुलिस बिना किसी देरी के अभिजीत दिपके को तुरंत गिरफ्तार करे।
अपनी बात रखते हुए फैजान अंसारी ने दिल्ली पुलिस और सरकार की कार्रवाई की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक को समय रहते हिरासत में लेकर पुलिस ने दिल्ली का माहौल बिगड़ने से बचा लिया। इसके साथ ही फैजान ने आम जनता से अपील की कि वे अपने निजी फायदे के लिए काम करने वाली 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) का बिल्कुल भी समर्थन न करें।
दूसरी तरफ, इन आरोपों और विवाद के बीच CJP प्रमुख अभिजीत दिपके ने अपना रुख साफ किया है। दिपके का कहना है कि उनका संगठन किसी राजनीतिक दल को बचाने या उसकी आलोचना करने के लिए काम नहीं करता। उन्होंने स्पष्ट किया, "सरकार किसी की भी हो, अगर छात्रों को समस्याएं होंगी तो हम सत्ता के खिलाफ आवाज उठाएंगे। मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को हर हाल में छात्रों के हितों को प्राथमिकता देनी ही होगी।"
Location : New Delhi
Published : 4 August 2026, 10:15 AM IST