देवघर में बड़ी वारदात से पहले पुलिस का एक्शन, हथियारों के साथ जमुई का गिरोह गिरफ्तार

झारखंड की धार्मिक नगरी देवघर में चोरी और डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में गिरोह के तार बिहार के जमुई जिले से जुड़े मिले हैं।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 23 November 2026, 9:03 PM IST

Deoghar: धार्मिक नगरी देवघर में चोरी और डकैती की घटनाओं को अंजाम देने की तैयारी कर रहे एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में बिहार के जमुई जिले से जुड़े अपराधियों के तार सामने आए हैं। पुलिस की कार्रवाई में हथियारों, जिंदा कारतूस और धारदार औजारों के साथ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपियों के पास से 1.50 लाख रुपये नकद, करीब डेढ़ किलो चांदी के आभूषण और पांच मोबाइल फोन समेत कई सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस की जांच में देवघर नगर, रिखिया और कुंडा थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी की कई घटनाओं से भी इस गिरोह के कनेक्शन सामने आए हैं।

पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बेलाबगान स्थित वन विभाग के आवासीय परिसर के पीछे रेलवे लाइन के समीप सुनसान स्थान पर पांच-छह संदिग्ध व्यक्ति जुटे हुए हैं। उनके पास हथियार होने और किसी बड़ी चोरी या डकैती की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाने की सूचना थी।

सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद संदिग्धों में अफरातफरी मच गई। घेराबंदी कर कई लोगों को पकड़ लिया गया, जबकि एक व्यक्ति अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने कथित तौर पर पहले से रेकी किए गए बेलाबगान के एक घर में डकैती की योजना बनाने की बात बताई।

जमुई के गिरोह का देवघर में पर्दाफाश (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)

जमुई के अपराधियों का देवघर में नेटवर्क

गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के जमुई जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों में प्रेम यादव उर्फ फुहिया, नरेश पासवान उर्फ नारू पासवान, ललू यादव, नागेंद्र सिंह, नरेश प्रसाद पोद्दार और विजय पोद्दार के नाम शामिल हैं। इनमें कुछ आरोपी देवघर के बेलाबगान और आसपास के इलाकों से भी जुड़े बताए गए हैं।

इस पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण नाम प्रेम यादव उर्फ फुहिया का सामने आया है। उसकी उम्र करीब 52 वर्ष बताई गई है और वह बिहार के जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र के बेलाटांड़ का रहने वाला है। पुलिस के दस्तावेज में उसके खिलाफ झाझा थाने में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज होने का उल्लेख है। इनमें हत्या, लूट, डकैती और विस्फोटक अधिनियम से जुड़े मामले भी शामिल हैं।

देवघर पुलिस ने सिरसा और पहाड़पुर मोड़ से सात साइबर ठगों को दबोचा, 11 मोबाइल और 9 सिम बरामद

रिवॉल्वर से लेकर धारदार हथियार तक बरामद

पुलिस की तलाशी में आरोपियों के पास से एक रिवॉल्वर, पांच जिंदा गोलियां, लोहे की एक भुजाली, एक लोहे का सब्बल, एक चाकू, एक प्लास, एक रिंच, एक पेचकस, पांच मोबाइल फोन और 1.50 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा करीब 1.5 किलोग्राम चांदी के आभूषण भी जब्त किए गए हैं।

108 एंबुलेंस हड़ताल से देवघर में मरीज बेहाल: टोटो-टेंपो के सहारे अस्पताल पहुंच रहे लोग, एस्मा लगाने की तैयारी

देवघर के पांच कांडों से जुड़े तार

पुलिस की जांच में देवघर नगर थाना क्षेत्र के तीन और रिखिया तथा कुंडा थाना क्षेत्र के एक-एक मामले समेत कुल पांच पुराने कांडों का खुलासा किए जाने की बात सामने आई है।

इनमें 15 नवंबर 2026 को नगर थाना क्षेत्र में सुमन कुमार राय के घर से आभूषण और नकदी की चोरी, 9 अक्टूबर को बेलाबगान स्थित वन विभाग के आवासीय परिसर में ओंकार नाथ वर्णवाल के घर चोरी, 5 जुलाई को बरमसिया के कुमुदिनी घोष रोड में विनय कुमार के घर चोरी, 4 नवंबर को रिखिया थाना क्षेत्र के सम्पूर गांव में घर से सामान और आभूषणों की चोरी तथा 26 सितंबर को कुंडा थाना क्षेत्र के बाजला कॉलोनी में चोरी की घटना शामिल है।

Location :  Deoghar

Published :  23 November 2026, 9:01 PM IST