
घने कोहरे का कहर (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
New Delhi: नए साल से ठीक पहले दिल्ली और उत्तर भारत के कई हिस्सों में ठंड और घने कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले कुछ दिनों तक रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है, जिससे सामान्य जनजीवन के साथ-साथ हवाई, रेल और सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोहरे की गंभीर स्थिति को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई, जिससे सड़कों, कॉलोनियों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहन रेंगते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा रहेगा, जबकि दिन में कोहरा कुछ हद तक छंटेगा, लेकिन पूरी तरह समाप्त नहीं होगा।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। ठंडी हवाओं के चलते ठिठुरन बनी रहेगी।
Delhi Weather: कोहरे को लेकर मौसम विभाग का बड़ा अपडेट! दिल्ली में इस दिन से दस्तक देगी ठंड
दिल्ली के अलावा हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में भी बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि नमी और कम हवा की गति के कारण कोहरे की स्थिति और गंभीर हो रही है।
घने कोहरे का सबसे ज्यादा असर हवाई यात्रा पर देखा गया। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार सुबह 128 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि 8 उड़ानों को अन्य मार्गों पर डायवर्ट करना पड़ा। हालांकि बाद में मौसम में थोड़ा सुधार होने पर उड़ानों का संचालन सामान्य हुआ। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी एयरलाइन से उड़ान की स्थिति की जानकारी जरूर लें।
कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हो सकता है, खासकर सुबह के समय। कई राज्यों में वाहनों की रफ्तार धीमी रही और जगह-जगह जाम की स्थिति देखी गई।
मौसम विभाग के अनुसार 30 दिसंबर से 2 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बर्फबारी और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा 30 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 1 जनवरी को बारिश के आसार हैं। अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में महीने के अंत तक तेज हवाओं और बिजली के साथ तूफानी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद अगले चार दिनों में तापमान फिर से 3 से 4 डिग्री तक गिर सकता है। दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
ओडिशा के कुछ हिस्सों में ठंड की लहर चलने की आशंका है। बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में दिन के समय भी ठंड का असर महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और कोहरे के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
Location : New Delhi
Published : 31 December 2025, 8:53 AM IST