दिल्ली के पीरागढ़ी तिहरा हत्याकांड में गिरफ्तार तांत्रिक कमरुद्दीन उर्फ बाबा की गतिविधियों को लेकर सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। जिन्न अनुष्ठान और धनवर्षा के नाम पर ठगी के बाद तीन लोगों को जहर देकर मारने का आरोप है।

पुलिस हिरासत में बाबा
New Delhi: दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर लावारिस कार में तीन लाशें मिलने के मामले ने अब और खौफनाक मोड़ ले लिया है। इस तिहरे हत्याकांड में गिरफ्तार उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद निवासी तांत्रिक कमरुद्दीन उर्फ बाबा के बारे में चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि वह जिन्न अनुष्ठान के नाम पर लोगों को फंसाता था और धनवर्षा कराने का दावा करता था। इसी जाल में फंसे 3 लोगों की मौत 8 फरवरी 2026 को जहरीला मिश्रण पिलाकर कर दी गई।
सल्फास, नींद की गोलियां और कोल्ड ड्रिंक का घातक मिश्रण
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने कथित तौर पर सल्फास यानी एल्यूमीनियम फॉस्फाइड, नींद की गोलियां और कोल्ड ड्रिंक मिलाकर ऐसा जहरीला घोल तैयार किया जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि उसने यह मिश्रण तैयार करना कहां सीखा और जहरीली दवाएं कहां से जुटाई। फिरोजाबाद के एक व्यक्ति से सल्फास की आपूर्ति को लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
महिलाओं की तस्वीरें मंगाकर करता था तांत्रिक क्रिया
जांच में मृत महिला लक्ष्मी के फोन से कई लड़कियों और महिलाओं की तस्वीरें मिली हैं। इनमें महिलाएं खुले बालों में खड़ी हैं और हाथ में अपनी निजी जानकारी वाले कागज पकड़े हुए हैं। आरोप है कि ये तस्वीरें अलग-अलग ग्रुप में भेजी जाती थीं। तांत्रिक ग्राहकों से कहता था कि अगर उनके घर में लंबे बालों वाली महिला है तो दो लाख रुपये दें, जिन्न खुश होकर घर में धनवर्षा करेगा। वह महिलाओं को यह भी कहता था कि जिन्न उनसे शारीरिक संपर्क करेगा और उन्हें इसका एहसास भी नहीं होगा। जब कोई फायदा नहीं मिलता तो बहाने बनाता कि महिला को किसी जानवर ने काटा होगा या उसकी सर्जरी हुई होगी, इसलिए अनुष्ठान सफल नहीं हुआ।
बिना टांके ऑपरेशन का झांसा, 7 हजार की वसूली
आरोपी बिना टांका लगाए ऑपरेशन करने का दावा कर लोगों से 7,000 रुपये वसूलता था। मृतक नरेश की जेब से एक जिन्न मंत्र भी मिला है। पुलिस का कहना है कि लक्ष्मी ने आरोपी की लोकेशन नरेश के साथ साझा की थी, जिससे उसकी गिरफ्तारी आसान हुई। पड़ोसियों के मुताबिक वह लोगों को डराने के लिए उनके घर के बाहर संदिग्ध चीजें छोड़ देता था।
सीसीटीवी से बचने की चाल, नई धाराएं जोड़ी गईं
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए सुनियोजित तरीके से काम करता था। वह निगरानी वाले स्थानों पर पीड़ितों को कार में चढ़ने या उतरने नहीं देता था। अब उसके खिलाफ हत्या की धारा के साथ बीएनएस की धारा 123 यानी अपराध करने के इरादे से जहर देने की धारा भी जोड़ दी गई है। पुलिस उसे लोनी ले जाकर वारदात का नाट्य रूपांतरण भी कर चुकी है। मामला जितना खुल रहा है, उतना ही सनसनीखेज होता जा रहा है।