Delhi-NCR में कड़ाके की सर्दी ने दी दस्तक: दिन के तापमान में गिरावट, कोहरे पर येलो अलर्ट

दिल्ली-NCR में सर्दी तेजी से बढ़ रही है। दिन के तापमान में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी है। ठंडी हवाओं और खराब AQI ने हालात और बिगाड़ दिए हैं, जिसमें नोएडा सबसे ज्यादा प्रदूषित है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 20 December 2025, 8:42 AM IST

New Delhi: दिल्ली-एनसीआर में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। अब तक जहां ठंड का असर मुख्य रूप से रात के समय महसूस किया जा रहा था, वहीं अब दिन में भी लोगों को सर्दी का अहसास होने लगा है। इसकी सबसे बड़ी वजह अधिकतम तापमान में लगातार हो रही गिरावट है।

बीते तीन से चार दिनों के भीतर दिन के तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। जहां कुछ दिन पहले तक अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, वहीं अब यह गिरकर 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

काड़के की ठंड ने दी दस्तक

मौसम में आए इस बदलाव के साथ ही यह कहा जा सकता है कि दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की सर्दी ने दस्तक दे दी है। दिन के समय धूप अब पहले जैसी तेज नहीं रह गई है। आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है, जिससे ठंड का असर और ज्यादा महसूस किया जा रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बादलों की मौजूदगी के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी नहीं हो पा रही है, जिससे सर्दी लगातार बनी हुई है।

UP Weather Update: कड़ाके की ठंड के साथ घने कोहरे का कहर, 64 जिलों में IMD का अलर्ट; पढ़ें पूरी खबर

आज हवाओं की गति रहेगी 10KM प्रति घंटा

हवाओं की बात करें तो बीते 24 घंटों के दौरान दिल्ली-एनसीआर में हवाएं करीब 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं, जबकि आज हवाओं की गति लगभग 10 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है। ये ठंडी हवाएं सर्दी के असर को और बढ़ा रही हैं। आने वाले दिनों में हवाओं के साथ-साथ कोहरे का असर भी और ज्यादा देखने को मिल सकता है।

3 दिन में गिरा 3 डिग्री तापमान (सोर्स- गूगल)

दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 21 और 22 दिसंबर के लिए दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट घने कोहरे को लेकर जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, इन दिनों सुबह और देर रात के समय घना कोहरा छा सकता है। बीते 24 घंटों में दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में दृश्यता 100 मीटर से भी कम दर्ज की गई है, जिससे सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ने की आशंका है।

दिल्ली का तापमान

दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग शहरों में तापमान और वायु गुणवत्ता की स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है। शनिवार के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि AQI 374 रहा। नोएडा में तापमान 22/9 डिग्री सेल्सियस के साथ AQI 410 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। गाजियाबाद का AQI 376, गुरुग्राम का 322 और ग्रेटर नोएडा का AQI 376 रिकॉर्ड किया गया।

उत्तराखंड में सूखा दिसंबर: पहाड़ों में सर्द हवा, मैदानी इलाकों में कोहरा और AQI ने बढ़ाई मुश्किलें

इन आंकड़ों से साफ है कि दिल्ली से ज्यादा प्रदूषित फिलहाल नोएडा बना हुआ है। हवा में मौजूद सूक्ष्म कण सांस से जुड़ी बीमारियों के मरीजों के लिए गंभीर खतरा बन रहे हैं। ठंड के मौसम में प्रदूषण का असर और बढ़ जाता है, क्योंकि ठंडी हवाओं के चलते प्रदूषक कण वातावरण में लंबे समय तक बने रहते हैं।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 20 December 2025, 8:42 AM IST