
AQI 300 के पार
देश की राजधानी दिल्ली अब सचमुच ठिठुरने लगी है। सुबह से लेकर शाम तक सर्द हवाओं के साथ ठंड का एहसास तेज़ हो गया है। इस पूरे हफ्ते दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 11 और 12 दिसंबर को न्यूनतम तापमान गिरकर 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह देखने को मिल सकती है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) की रिपोर्ट के मुताबिक 9 से 14 दिसंबर के बीच दिल्ली में सुबह के समय घना कोहरा और धुंध छाई रहेगी, जबकि दिन के समय हल्के बादल और ठंडी हवाएं चलती रहेंगी। इस दौरान हवा की रफ्तार 5 से 25 किमी प्रति घंटे के बीच रह सकती है।
9 दिसंबर को हवाएं सबसे तेज़ रहने की संभावना है, जिससे ठंड और ज्यादा चुभेगी। वहीं 10 और 11 दिसंबर को आसमान साफ रहेगा लेकिन सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा दिखाई देगा। 12 से 14 दिसंबर के बीच फिर से हल्के बादल लौट सकते हैं और तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 13 दिसंबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ी राज्यों तक पहुंचेगा। इसका असर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी के रूप में देखा जा सकता है। हालांकि दिल्ली पर इसका सीधा प्रभाव सीमित रहेगा। लेकिन पहाड़ों में बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं और तापमान में गिरावट जरूर महसूस की जाएगी।
Delhi AQI: दमघोंटू प्रदूषण से जूझ रहा नोएडा-गाजियाबाद, जानें कब मिलेगा समाधान?
दिल्ली की परेशानी सिर्फ ठंड तक सीमित नहीं है। 9 दिसंबर की सुबह राजधानी के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 280 के पार रिकॉर्ड किया गया, जबकि उत्तर दिल्ली के कई हिस्सों में यह 300 से ऊपर पहुंच गया। यानी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में प्रदूषण दर्ज किया गया है।
ठंड, कोहरा और प्रदूषण का यह कॉम्बिनेशन सुबह और देर रात के समय दृश्यता को काफी कम कर सकता है। इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है और सांस के मरीजों के लिए हालात ज्यादा गंभीर बन सकते हैं।
दिल्ली के साथ-साथ गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी इस हफ्ते मौसम तेजी से बदलेगा। शुरुआती दो दिनों में ठंडी और तेज़ हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में अचानक गिरावट आ सकती है। 11 और 12 दिसंबर को इन इलाकों में भी ठंड अपने चरम पर पहुंचने की संभावना है।
हालांकि 13 दिसंबर के बाद पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जा सकती है, लेकिन सुबह के समय कोहरा घना बना रहेगा।
Delhi AQI: दिल्ली और एनसीआर में प्रदूषण का बढ़ता संकट, क्या है इसका कारण और भविष्य की चुनौतियां?
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को सुबह और देर रात के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। बुजुर्गों, बच्चों और अस्थमा के मरीजों को ठंडी हवा और प्रदूषण से बचने के लिए घर से निकलते समय मास्क और गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
Location : New Delhi
Published : 9 December 2025, 7:25 AM IST
Topics : Delhi AQI Today Delhi NCR Cold Wave Delhi Weather Update Fog Alert Delhi Western Disturbance December