देशभर में मनाई जा रही संविधान की 76वीं वर्षगांठ, PM मोदी-राहुल गांधी समेत इन दिग्गज नेताओं ने दी शुभकामनाएं

भारत 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाते हुए उन महान नेताओं को याद करता है जिन्होंने देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक ढांचा दिया। संविधान, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूल सिद्धांतों का प्रतीक है। इस वर्ष भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेताओं और विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों ने सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं दीं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 26 November 2025, 11:11 AM IST
google-preferred

New Delhi: भारत हर वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाता है, जिसे ‘संविधान दिवस’ या ‘सम्विधान दिवस’ के रूप में जाना जाता है। यह दिन उन दूरदर्शी नेताओं और विद्वानों को सम्मान देने का अवसर है जिन्होंने भारत के संविधान की रचना कर देश की लोकतांत्रिक नींव को मजबूत किया। 26 नवंबर 1949 का दिन भारतीय इतिहास में इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसी दिन संविधान को औपचारिक रूप से अपनाया गया था। 

संविधान दिवस न केवल एक औपचारिक उत्सव है, बल्कि नागरिकों को संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूल्यों को याद करने और उनके प्रति सम्मान प्रकट करने का अवसर भी है। यह दिन समाज को उस सोच और त्याग की याद दिलाता है जिसके साथ संविधान निर्माताओं ने हर भारतीय के अधिकारों और सम्मान को केंद्र में रखकर संविधान का निर्माण किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई प्रमुख हस्तियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शुभकामनाएं दीं। आईये जानते हैं  किसने क्या कहा?

पीएम मोदी ने देशवासियों के नाम लिखा पत्र

पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए लिखा, "संविधान दिवस पर, हम अपने संविधान बनाने वालों को श्रद्धांजलि देते हैं। उनकी दूर की सोच और दूर की सोच हमें एक विकसित भारत बनाने की हमारी कोशिश में हमेशा मोटिवेट करती है। हमारा संविधान इंसानी इज्ज़त, बराबरी और आज़ादी को सबसे ज़्यादा अहमियत देता है। यह हमें अधिकार तो देता है, लेकिन साथ ही हमें नागरिक के तौर पर हमारी ज़िम्मेदारियों की भी याद दिलाता है, जिन्हें हमें हमेशा पूरा करने की कोशिश करनी चाहिए। ये ज़िम्मेदारियां एक मज़बूत लोकतंत्र की नींव हैं। आइए हम अपने कामों से संवैधानिक मूल्यों को मज़बूत करने का अपना वादा दोहराएं।"

इसके अलावा, पीएम मोदी ने एक और पोस्ट साझा करते हुए लिखा, "संविधान दिवस पर मैंने देशभर के अपने परिवारजनों के नाम एक पत्र लिखा है। इसमें हमारे संविधान की महानता, जीवन में मौलिक कर्तव्यों का महत्त्व और हमें पहली बार मतदाता बनने का उत्सव क्यों मनाना चाहिए, ऐसे कई विषयों पर अपने विचार साझा किए हैं…"

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देशवासियों को दी बधाई

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संविधान दिवस पर देशवासियों को बधाई देते हुए लिखा, "भारत का संविधान सिर्फ एक किताब नहीं, यह देश के हर नागरिक से किया गया एक पवित्र वादा है। वादा कि चाहे कोई किसी भी धर्म या जाति का हो, किसी भी क्षेत्र से आता हो, कोई भी भाषा बोलता हो, गरीब हो या अमीर, उसे समानता, सम्मान और न्याय मिलेगा। संविधान गरीबों और वंचितों का सुरक्षा कवच है, उनकी शक्ति है और हर एक नागरिक की आवाज़ है। जब तक संविधान सुरक्षित है, हर भारतीय के अधिकार सुरक्षित हैं। आइए, हम प्रण लें कि हम संविधान पर किसी भी तरह का आक्रमण नहीं होने देंगे। इसकी रक्षा करना मेरा कर्तव्य है और इसपर होने वाले हर प्रहार के सामने सबसे पहले खड़ा रहूंगा। आप सभी को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।"

यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने दी शुभकामनाएं

वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संविधान दिवस पर प्रदेश वासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, "संविधान दिवस की प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। न्याय, समता और बंधुता भारत के संविधान की मूल भावना हैं। ‘भारत रत्न’ बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी की अद्भुत दृष्टि, प्रखर विचार और अथक परिश्रम से निर्मित हमारा संविधान विश्व के सबसे सशक्त लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। संविधान, राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति का आधार होने के साथ ही हर नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और अवसर भी प्रदान करता है।"

तेजस्वी यादव ने किया नमन

बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी अपने आधिकारिक एक्स हेंडल पर लिखा, "आप सबों को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। देश के हर वर्ग, जन व क्षेत्र की अपेक्षाओं, आकांक्षाओं, अधिकारों, उम्मीदों और भविष्य को सुरक्षित करने एवं न्यायपरक समतावादी राष्ट्र में सबके लिए प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने वाले संविधान को बारंबार नमन है। संविधान हमारा सबसे शक्तिशाली, पवित्र और अद्भुत ग्रंथ है। संविधान निर्माता बाबा साहेब को संविधान दिवस पर पुन: नमन करते हुए संकल्प लें कि हम गरीब,वंचित,उपेक्षित, उत्पीड़ित और उपहासित लोगों को समान अवसर देते हुए उन्हें समाज और देश निर्माण की मुख्यधारा में लेकर आएं।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 26 November 2025, 11:11 AM IST