जंतर-मंतर पर देर रात तक डटे CJP कार्यकर्ता, जमीन पर सोकर गुजार रहे रात; अभिजीत दीपके का बड़ा ऐलान

NEET पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन देर रात तक जारी रहा। प्रदर्शनकारी धरनास्थल पर ही जमीन पर सोकर रात गुजार रहे हैं, जबकि दिल्ली पुलिस लगातार स्थल खाली कराने की घोषणा कर रही है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 21 June 2026, 12:49 AM IST

New Delhi : NEET पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुरू हुआ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन शनिवार देर रात तक जारी रहा। प्रदर्शन समाप्त करने की तय समय सीमा खत्म होने के बावजूद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी धरनास्थल पर डटे रहे। हालात ऐसे हैं कि कई प्रदर्शनकारी रात जमीन पर सोकर गुजार रहे हैं। मौके पर भारी संख्या में दिल्ली पुलिस तैनात है। दूसरी ओर पुलिस लगातार लाउडस्पीकर के जरिए धरनास्थल खाली करने की घोषणा कर रही है। प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं दिख रहे।

"जेल जाना पड़ा तो भी पीछे नहीं हटेंगे"

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन खत्म नहीं होगा। चाहे हमें जेल जाना पड़े या गिरफ्तार किया जाए, हम यहां से नहीं हटेंगे। यह लड़ाई देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य की है। सरकार को छात्रों की आवाज सुननी ही होगी।

शाम 5 बजे तक थी अनुमति

CJP को जंतर-मंतर पर शाम 5 बजे तक प्रदर्शन की अनुमति मिली थी। समय सीमा समाप्त होने के बाद दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से धरना खत्म करने की अपील की। पुलिस ने कहा कि प्रदर्शन की अवधि बढ़ाने की अनुमति नहीं दी गई है और सभी लोगों को स्थल खाली करना होगा। हालांकि प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे और धरनास्थल छोड़ने से इनकार कर दिया।

थाली बजाकर किया विरोध

धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने थाली और चम्मच बजाकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान गो-प्रधान-गो के नारे भी लगाए गए। पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों से थाली हटाने की कोशिश की। जिसके बाद मौके पर हल्का तनाव भी देखने को मिला। दीपके ने कहा कि अगर थाली पीटने से कोरोना खत्म हो सकता है तो शिक्षा मंत्री को हटाने के लिए भी थाली पीटनी चाहिए।

आत्महत्या करने वाले छात्रों के पोस्टर लगाए

CJP ने मंच पर उन छात्रों के पोस्टर भी लगाए हैं। जिन्होंने कथित तौर पर परीक्षा व्यवस्था और पेपर लीक विवाद से परेशान होकर आत्महत्या की थी।

सोशल मीडिया पर भी सरकार को घेरा

CJP ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, "काश इतनी ही फोर्स पेपर लीक रोकने में लगाई होती तो आज कॉकरोच अपने ही घरों में होते। धर्मेंद्र प्रधान को बचाने के लिए इतनी पुलिस लगा दी गई है। इस सरकार को युवाओं से ज्यादा अपने एक नाकाबिल मंत्री से प्यार क्यों है?"

Location :  New Delhi

Published :  21 June 2026, 12:46 AM IST