हिंदी
चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में CBI की एंट्री (फोटो सोर्स-इंटरनेट)
kolkata: पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद भड़की हिंसा और राजनीतिक तनाव के बीच मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या ने राज्य की राजनीति में बड़ा तूफान खड़ा कर दिया है। अब इस सनसनीखेज हत्याकांड की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई ने 7 सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है, जो पूरे केस की तह तक पहुंचने में जुटेगी।
जानकारी के अनुसार 6 मई को चुनाव परिणाम आने के महज दो दिन बाद मध्यमग्राम की व्यस्त सड़क पर चंद्रनाथ रथ पर जानलेवा हमला किया गया। हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। चंद्रनाथ को चार गोलियां लगीं, जिनमें सिर, छाती और पेट पर गंभीर चोटें शामिल थीं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस हमले में उनकी कार का ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
शुरुआती जांच राज्य पुलिस की एसआईटी ने शुरू की। जांच के दौरान एक छोटी डिजिटल गलती ने पुलिस को बड़ा सुराग दे दिया। पुलिस को पता चला कि हमलावरों ने भागते समय बाली टोल प्लाजा पर यूपीआई के जरिए भुगतान किया था। इसी डिजिटल ट्रांजेक्शन की कड़ी को जोड़ते हुए जांच टीम उत्तर प्रदेश और बिहार के बक्सर तक पहुंच गई।
इसके बाद पुलिस ने वहां छिपे तीन पेशेवर शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहे थे। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि उन्हें सुपारी किसने दी थी।
PA चन्द्रनाथ रथ की मौत के बाद अब CM शुभेंदु अधिकारी को मिली धमकी, आखिर कौन है इन सबके पीछे?
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अब जांच की जिम्मेदारी सीबीआई को सौंप दी गई है। सोमवार मध्यरात्रि को विभाग की ओर से विशेष आदेश जारी कर नई एसआईटी का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व डीआईजी पंकज कुमार सिंह कर रहे हैं। टीम में सुभाष चंद्र कुंडू, अनिल कुमार यादव समेत कई अनुभवी अधिकारी शामिल हैं।
यह विशेष टीम कोलकाता के जॉइंट डायरेक्टर की निगरानी में काम करेगी। मंगलवार से सीबीआई राज्य पुलिस से केस से जुड़ी सभी फाइलें और दस्तावेज अपने कब्जे में लेगी। केंद्रीय एजेंसी की एंट्री के बाद अब इस हत्याकांड में बड़े नामों के सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
Location : kolkata
Published : 13 May 2026, 8:41 AM IST
Topics : CBI SIT Team cbi investigation Chandranath Rath Murder Case Suvendu Adhikari PA Murder West Bengal Violence