
झारखंड के पश्चिम सिंहभूम का मामला (Image Source: Dynamite News)
Chaibasa: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में रविवार की रात एक बेहद अनूठा और भव्य नजारा देखने को मिला। सेंट्रल मुहर्रम कमेटी के नेतृत्व में पंचमी मुहर्रम का जुलूस बेहद शांतिपूर्ण, गरिमामय और पारंपरिक तरीके से निकाला गया। इस आयोजन ने न सिर्फ धार्मिक आस्था को प्रदर्शित किया, बल्कि चाईबासा की ऐतिहासिक गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की मिसाल को एक बार फिर जीवंत कर दिया।
यह भव्य जुलूस रात करीब 10:30 बजे उर्दू लाइब्रेरी चौक से पूरी अकीदत (श्रद्धा) के साथ शुरू हुआ। इसके बाद जुलूस मस्जिद मुहल्ला और हलीम चौक होते हुए आगे बढ़ा। जुलूस जैसे-जैसे आगे बढ़ता गया, लोगों का हुजूम इसमें जुड़ता चला गया। इस दौरान युवाओं और अखाड़ेबाजों ने लाठी-डंडों और पारंपरिक हथियारों के साथ अपनी युद्ध कला का हैरतअंगेज प्रदर्शन किया, जिसे देखकर सड़कों पर मौजूद लोग दंग रह गए। जिहाद क्लब बैंड पार्टी के गाजे-बाजे की धुनों और अली सेना व जान क्लब के युवाओं के गगनभेदी नारों ने पूरे माहौल में एक अलग ऊर्जा भर दी। यह कारवां देर रात रमजान सैलून चौक पहुंचकर संपन्न हुआ।
झारखंड के चाईबासा में दिखा गंगा-जमुनी तहजीब का अनूठा नजारा। उर्दू लाइब्रेरी चौक से लेकर रमजान सैलून चौक तक पारंपरिक अखाड़ेबाजी और जोश के साथ निकाला गया पंचमी मुहर्रम का जुलूस। चाईबासा पुलिस प्रशासन सुरक्षा को लेकर रहा पूरी तरह मुस्तैद। #Muharram2026 #CommunalHarmony pic.twitter.com/uF76NkeIGS
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) June 22, 2026
जुलूस की कमान सेंट्रल मुहर्रम कमेटी के पदाधिकारियों ने खुद संभाल रखी थी। कमेटी के अध्यक्ष इफ्तिखार अहमद, उपाध्यक्ष दानिश रजा, मो० मुस्तकीम, सचिव जफर नसीम और सह सचिव तहसीन आमीन पूरे रास्ते मुस्तैद दिखे। इस मौके पर सचिव जफर नसीम और सह सचिव तहसीन आमीन ने कहा कि मुहर्रम का त्योहार हमें त्याग, धैर्य, सच्चाई और इंसानियत के रास्ते पर चलने की सीख देता है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की पुरजोर अपील की।
संवेदनशील इलाकों को देखते हुए जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस की टीम पूरे रूट पर अलर्ट मोड में थी। सुरक्षा के मद्देनजर प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात था और सादे लिबास में भी सुरक्षाकर्मी मुस्तैद रहे। साथ ही पूरे जुलूस की वीडियोग्राफी और ड्रोन-सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की गई।
जुलूस के स्वागत के लिए जगह-जगह पर अन्य समुदाय के प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा पीने के पानी और शरबत के स्टॉल लगाए गए थे, जो चाईबासा की आपसी एकता और कौमी एकता को प्रदर्शित कर रहा था।
देर रात तक चले इस जुलूस के कारण शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए स्थानीय ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों को वैकल्पिक रास्तों पर डायवर्ट किया था, जिससे आम जनता को कोई असुविधा न हो।
Location : Chaibasa
Published : 22 June 2026, 3:21 PM IST
Topics : Chaibasa Muharram Jharkhand News Muharram 2026