
BCCI अंडर-19 टीम में चयन के बाद नंदिनी की मौत,
Hyderabad: जिस बेटी के BCCI अंडर-19 टीम में चयन से परिवार और पूरे जिले में खुशियां थीं, उसी की अचानक मौत ने सबको झकझोर दिया। तेलंगाना के विकाराबाद में BCCI अंडर-19 क्रिकेट प्लेयर नंदिनी (17) ने मधु कॉलोनी में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि आत्महत्या की वजह दो लड़के हैं।
हाल ही में वह BCCI अंडर-19 टीम के लिए चुनी गई थीं। जिले का नाम रोशन करने वाली छात्रा की अचानक मौत ने पूरे खेल जगत और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
दरअसल नंदिनी मूल रूप से यलाल मंडल के संगय्यापल्ली गांव की रहने वाली थी। वह अपनी पढ़ाई और क्रिकेट की प्रोफेशनल कोचिंग के लिए विकाराबाद शहर की मधु कॉलोनी में अपनी नानी के घर रह रही थीं।
नंदिनी के परिजनों ने उनकी मौत के पीछे कथित तौर पर प्रेम के नाम पर परेशान किए जाने और प्रताड़ित करने को वजह बताया है। परिवार का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से अनिल नाम का एक लड़का नंदिनी को प्यार के नाम पर परेशान कर रहा था। आरोपों के मुताबिक, कृष्णा नाम का दूसरा छात्र भी इस मामले में अनिल की मदद कर रहा था।
खेल जगत में शोक की लहर
नंदिनी के हालिया चयन से जिले और परिवार में खुशी का माहौल था और उनसे भविष्य में देश के लिए खेलने की बड़ी उम्मीदें जुड़ी थीं। उनकी असामयिक मृत्यु पर साथी खिलाड़ियों और खेल जगत में शोक की लहर है।
सीआई रघु ने पुष्टि की कि परिवार ने दो युवकों पर प्रताड़ित किए जाने के आरोप लगाए हैं। जांच के तहत पुलिस ने नंदिनी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।
सीआई रघु ने कहा कि वह उनके इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप अकाउंट्स की जांच करेंगे ताकि ये पता लगाया जा सके कि क्या कोई उन्हें सोशल मीडिया के जरिए परेशान कर रहा था। जांच के नतीजों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Location : Hyderabad
Published : 14 November 2026, 6:47 AM IST