हिंदी
मुंबई में बारिश को लेकर एयरलाइंस की एडवाइजरी जारी
Mumbai: महाराष्ट्र में मौसम ने एक बार फिर अपना रूख बदल लिया है। मुंबई, पुणे, ठाणे समेत कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। 28 सितंबर को मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट और रायगढ़, ठाणे जैसे जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कई इलाकों में गरज के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। तेज हवाओं के साथ बारिश का तांडव राज्य के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र ने मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में शहरी बाढ़ की संभावना जताई है और नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। घाटी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका के चलते जिला प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही नदियों के जल स्तर पर लगातार निगरानी बनाए रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
भारी बारिश के बाद उत्तराखंड में अब उमस भरी गर्मी का सामना, मौसम विभाग ने दी जानकारी
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने अरब सागर में 3.48 मीटर ऊंची लहर उठने की संभावना जताई है। इसके अलावा, रात के समय लहरों की ऊंचाई घटकर 1.06 मीटर रहने का अनुमान है। मुंबई और आसपास के इलाकों में रविवार सुबह से बादल छाए रहे, कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हुई। शहरी इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की संभावना बनी हुई है।
स्पाइसजेट और इंडिगो जैसी प्रमुख एयरलाइंस ने मुंबई हवाई अड्डे पर आने वाले यात्रियों को मौसम की वजह से यातायात जाम की संभावना के प्रति सचेत किया है। यात्रियों से कहा गया है कि वे अपनी उड़ानों की स्थिति की जांच करें और ट्रैफिक की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाएं। एयरलाइंस की टीमें यात्रियों की मदद के लिए हवाई अड्डे पर पूरी तरह से तैयार हैं।
Weather Update: मॉनसून रिट्रीट का दौर शुरू, देशभर में बदल रहा मौसम का मिज़ाज
मौसम विभाग ने 29 सितंबर को मुंबई, रायगढ़, ठाणे और नासिक जिलों के लिए लाल अलर्ट जारी किया है। वहीं, वाशिम, नागपुर, अमरावती और धुले जैसे इलाकों में पीले अलर्ट जारी किए गए हैं। बारिश के चलते कई इलाकों में हालात बिगड़ सकते हैं, लेकिन अक्टूबर से बारिश में कमी आने की संभावना जताई गई है। महाराष्ट्र सरकार ने सभी जिलों में 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। शहरी क्षेत्रों में जल निकासी के लिए पंप लगाए जा रहे हैं और निचले इलाकों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। साथ ही, बिजली, सड़क और अन्य बुनियादी ढांचे की मरम्मत के लिए त्वरित कदम उठाए जा रहे हैं। कोंकण और घाटी क्षेत्रों में बांधों के जल स्तर की समीक्षा भी नियमित रूप से की जा रही है।
सरकार ने नागरिकों से खतरनाक इलाकों में जाने से बचने और बाढ़ की स्थिति में स्थानीय आश्रय केंद्रों का सहारा लेने की सलाह दी है। बाढ़ के दौरान अनावश्यक यात्रा न करने, नदियों और नहरों के पुलों पर से पानी बह रहा हो तो सड़क पार न करने और बिजली गिरने के वक्त पेड़ों के नीचे न रहने की चेतावनी दी गई है। साथ ही अफवाहों पर भरोसा न करने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया गया है।
Location : Mumbai
Published : 28 September 2025, 12:26 PM IST
Topics : AIrlines IMD Alert maharashtra Mumbai News rains