मुंबई में ट्रेनों का खूनी खेल जारी: महज़ एक धक्के पर विवाद, सॉरी बोलने के बाद भी युवक को दौड़ा-दौड़ाकर चाकू से रेता

मुंबई की लोकल ट्रेन और स्टेशन परिसर अब हिंसा का अड्डा बनते जा रहे हैं। माहीम स्टेशन पर महज़ एक मामूली धक्का लगने और मोबाइल गिरने के विवाद में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घायल का इलाज सायन अस्पताल में जारी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 June 2026, 11:06 AM IST

Mumbai: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनें एक बार फिर से खूनी हिंसा की वजह से सुर्खियों में आ गई हैं। अभी कुछ ही दिन पहले चर्चगेट-नालासोपारा लोकल में हुए जघन्य चाकू हमले में एक बेकसूर युवक की मौत का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि अब माहीम रेलवे स्टेशन परिसर में एक और रूह कंपा देने वाली चाकूबाजी की वारदात सामने आई है।

इस बार सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि इस खूनी संघर्ष की वजह कोई पुरानी दुश्मनी या बड़ा विवाद नहीं था, बल्कि भारी भीड़ के बीच गलती से लग गया एक मामूली धक्का था। पीड़ित ने तुरंत अपनी गलती मानते हुए ‘सॉरी’ भी कह दिया था, लेकिन आरोपी की सनक इस कदर हावी थी कि उसने युवक की जान लेने की कोशिश की।

स्टेशन परिसर से बाहर तक किया पीछा

पुलिस द्वारा दर्ज मामले के अनुसार, पीड़ित नवीन प्रसन्न माहीम पश्चिम के पीतांबर लेन स्थित कुरेशी महल कंपाउंड के निवासी हैं और लोअर परेल की एक निजी कंपनी में ऑफिस बॉय के रूप में काम करते हैं। 25 जून की रात करीब 10 बजे वह रोजाना की तरह अपना काम खत्म कर स्लो लोकल ट्रेन पकड़कर माहीम स्टेशन पहुंचे थे।

पति मुंबई में था, सास-ससुर खेत में… घर के अंदर ऐसा क्या हुआ कि चली गई रेशमी की जान?

जब वह स्टेशन परिसर से बाहर की तरफ निकल रहे थे, तभी अत्यधिक भीड़ के कारण उनका कंधा एक अज्ञात व्यक्ति से टकरा गया। इस धक्के के कारण आरोपी के हाथ में मौजूद मोबाइल फोन नीचे जमीन पर गिर गया।

माफी मांगने के बावजूद नहीं शांत हुआ आरोपी का गुस्सा

नवीन ने शालीनता दिखाते हुए तुरंत हाथ जोड़कर माफी मांग ली और कहा कि धक्का जानबूझकर नहीं बल्कि गलती से लगा है। आरोपी ने जब जमीन से अपना मोबाइल फोन उठाकर देखा, तो वह पूरी तरह से सुरक्षित था और उसमें कोई टूट-फूट नहीं हुई थी। इसके बावजूद आरोपी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसने सरेआम नवीन के साथ गंदी-गंदी गालियां और बदतमीजी शुरू कर दी।

स्टेशन पर सार्वजनिक रूप से विवाद बढ़ता देख नवीन ने वहां से चुपचाप निकल जाना ही बेहतर समझा और वे आगे बढ़ गए, लेकिन सिरफिरे आरोपी ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। पुलिस के मुताबिक, सेनापति बापट मार्ग तक पहुंचने के बाद आरोपी ने अचानक अपनी जेब से एक धारदार चाकू निकाला और नवीन के शरीर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।

Mumbai: मुंबई में कारोबारी को लूटकर भाग रहे तीन में से दो ऐसे फंसे कि बचना हुआ मुश्किल, मास्टरमाइंड की तलाश तेज

सरेआम चाकू लहराकर चश्मदीदों को भी डराया

इस अचानक हुए हमले से लहूलुहान होकर नवीन जमीन पर गिर पड़े और मदद के लिए चिल्लाने लगे। नवीन की आवाज सुनकर जब आसपास के लोग उनकी मदद के लिए आगे बढ़े, तो आरोपी ने हाथ में खून से सना चाकू हवा में लहराते हुए वहां मौजूद भीड़ को भी जान से मारने की धमकी दे डाली।

आरोपी के इस खौफनाक रूप को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई और डर के मारे कोई भी तुरंत बीच-बीच बचाव करने का साहस नहीं जुटा सका। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार समेत मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल नवीन किसी तरह रेंगते हुए अपने घर पहुंचे, जहां उनके भाई ने उन्हें तुरंत सायन अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

Location :  Mumbai

Published :  28 June 2026, 11:06 AM IST