मुंबई में मूसलाधार बारिश ने मचाई तबाही, हादसों में 8 लोगों की दर्दनाक मौत

मुंबई में लगातार हो रही बारिश ने शहर की रफ्तार ही नहीं, लोगों की जिंदगी भी छीन ली। अलग-अलग हादसों में कई लोगों की मौत के बाद प्रशासन अलर्ट पर है। मौसम विभाग ने भी अगले 24 घंटे के लिए गंभीर चेतावनी जारी की है। आखिर हालात कितने खराब हैं, पढ़ें पूरी खबर।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 6 July 2026, 9:08 AM IST

Mumbai: मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। रविवार को हुई मूसलाधार बारिश के दौरान शहर के अलग-अलग हिस्सों में हुए हादसों में आठ लोगों की मौत हो गई। मानखुर्द में चॉल का हिस्सा ढहने, कुर्ला में पेड़ गिरने और नवी मुंबई में इमारत की ग्रिल गिरने जैसी घटनाओं ने पूरे शहर को झकझोर दिया। कई इलाकों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और परिवहन सेवाएं भी प्रभावित रहीं।

मानखुर्द में चॉल ढहने से छह लोगों की मौत

सबसे बड़ा हादसा मानखुर्द के मंडाला इलाके में हुआ, जहां जनता नगर स्थित तीन मंजिला चॉल का एक हिस्सा रविवार रात करीब 8:30 बजे भरभराकर गिर गया। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ समेत कई एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों के अनुसार, मलबे में एक और व्यक्ति के फंसे होने की आशंका के चलते देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा।

ग्रिल गिरने और पेड़ टूटने से भी गई जान

नवी मुंबई में रविवार शाम एक इमारत की ग्रिल फुटपाथ पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। नगर निगम के अनुसार, इमारत के स्ट्रक्चरल ऑडिट का नोटिस पहले ही जारी किया गया था, लेकिन भवन मालिक ने उस पर कार्रवाई नहीं की। वहीं, कुर्ला पश्चिम में तेज बारिश के दौरान एक पेड़ दुकान पर गिर गया, जिससे 63 वर्षीय यूनुस कुंदावाला की मौत हो गई।

भारी बारिश से शहर की रफ्तार थमी

रविवार सुबह से रात तक दक्षिण मुंबई में 51 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 72 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 71 मिमी बारिश दर्ज की गई। खराब मौसम के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों का संचालन करीब एक घंटे तक रोकना पड़ा। कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही।

दिल्ली-यूपी से लेकर बिहार-राजस्थान तक अगले 5 दिन होगी झमाझम बारिश, जानें मौसम विभाग की 17 राज्यों को लेकर क्या है चेतावनी

अगले 24 घंटे के लिए भारी बारिश का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। बीएमसी के अनुसार, उसे पेड़ गिरने की 203, शॉर्ट सर्किट की 8 और मकान या दीवार गिरने की 15 शिकायतें मिली हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।

Location :  Mumbai

Published :  6 July 2026, 9:08 AM IST