बाथरूम में फिसली नहीं, मार डाली गई बहू! मुंबई में सास ने नौकरानी के परिवार को 3 लाख की सुपारी देकर कराई हत्या

मुंबई के घाटकोपर में दिल दहला देने वाला खुलासा! सास ने घरेलू हिंसा का केस दर्ज कराने पर बहू की हत्या कराई। नौकरानी के परिवार को दी 3 लाख की सुपारी। बाथरूम में गिरने का झूठा नाटक बेनकाब, 5 आरोपी गिरफ्तार।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 20 August 2026, 11:43 AM IST
google-preferred

Mumbai: मुंबई के घाटकोपर इलाके से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। 16 अगस्त की शाम 35 वर्षीय सपना प्रमोद गंजी की संदिग्ध मौत को पहले परिवार ने एक साधारण हादसा साबित करने की कोशिश की थी। दावा किया गया था कि सपना शराब के नशे में बाथरूम में गिर गई और सिर में चोट लगने से उसकी जान चली गई।

हालांकि, जब मृतका के पिता ने बेटी के शरीर पर चोट, गले पर खरोंच और संघर्ष के निशान देखे, तो उन्हें अनहोनी का शक हुआ। पिता की शिकायत पर जब पुलिस ने तफ्तीश शुरू की, तो हादसे की इस मनगढ़ंत कहानी के पीछे छिपी एक खौफनाक साजिश की परतें उधड़ती चली गईं।

घरेलू हिंसा के मुकदमे की रंजिश: सास ने बनाई मर्डर की योजना

पुलिस जांच में सामने आया कि सपना की शादी 2013 में प्रमोद गंजी से हुई थी। कुछ सालों बाद ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर सपना ने नालासोपारा थाने में पति, सास और ससुर के खिलाफ घरेलू हिंसा व मारपीट का केस दर्ज कराया था।

‘आओ और हमारी लाशें ले जाओ!’ पिता को मैसेज भेज नौसेना जवान ने मिटा दिया पूरा परिवार, पढ़ें मुंबई की ये खौफनाक वारदात

अगस्त 2024 में आपसी समझौते के बाद सपना दोबारा घाटकोपर स्थित ससुराल में रहने लगी थी। इसके बावजूद, सास धनलक्ष्मी गंजी के मन में उस मुकदमे को लेकर भारी नाराजगी और रंजिश बनी हुई थी। इसी बदले की आग में सास ने अपनी बहू को रास्ते से हटाने का मन बना लिया।

3 लाख रुपये की सुपारी: नौकरानी का पूरा परिवार बना कातिल

अपनी साजिश को अंजाम देने के लिए सास धनलक्ष्मी ने घर में काम करने वाली नौकरानी मंगला जाधव को ढाल बनाया। सास ने नौकरानी और उसके परिवार को बहू की हत्या करने के एवज में 3 लाख रुपये देने का लालच दिया।

इसके बाद नौकरानी, उसका पति, बेटा और बेटी इस आपराधिक साजिश में शामिल हो गए। वारदात के दिन सभी ने मिलकर सपना की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को बाथरूम में रखकर इसे दुर्घटना का रूप देने की नाकाम कोशिश की।

कानून का शिकंजा: सास और नौकरानी के परिवार समेत 5 गिरफ्तार

पंतनगर पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर इस फर्जी कहानी की पोल खोल दी। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता सास धनलक्ष्मी गंजी, नौकरानी मंगलाबाई जाधव, उसके पति सुरेश जाधव, बेटी शिवानी और बेटे साजन जाधव को गिरफ्तार कर लिया है।

काल बनकर आई आग: मुंबई में कमर्शियल बिल्डिंग धू-धू कर जली, 11 लोगों की यूं बची जान

सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या और साजिश रचने की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। अदालत ने पांचों आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेज दिया है, और पुलिस अब इस खूनी खेल की हर बारीकी की जांच कर रही है।

Location :  Mumbai

Published :  20 August 2026, 11:43 AM IST

Related News

Advertisement