MPSC ड्रग इंस्पेक्टर पेपर लीक: WhatsApp चैट से खुला 50 लाख की डील का राज, जांच के घेरे में कोचिंग डायरेक्टर

महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को एक अहम सुराग हाथ लगा है। जांच एजेंसी को मिली एक WhatsApp चैट से पेपर लीक की डील 50 लाख रुपये में होने की आशंका जताई जा रही है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 29 August 2026, 1:51 PM IST
google-preferred

मुंबई: महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को एक अहम सुराग हाथ लगा है। जांच एजेंसी को मिली एक WhatsApp चैट से पेपर लीक की डील 50 लाख रुपये में होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अभ्यर्थी ऋतुजा पाटिल ने अपनी एक सहेली से बातचीत में कथित तौर पर कहा था कि उसे परीक्षा का प्रश्नपत्र पहले ही मिल गया था और इसके लिए उसने 50 लाख रुपये दिए थे। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस रकम के लेनदेन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

WhatsApp चैट में ऋतुजा ने क्या कहा?

मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच के अनुसार, ऋतुजा और उसकी महिला मित्र के बीच परीक्षा को लेकर बातचीत हुई थी। सहेली ने जब पूछा कि इतनी कठिन परीक्षा उसने कैसे पास कर ली, तो ऋतुजा ने कथित तौर पर जवाब दिया कि उसने पढ़ाई नहीं की थी।

इसके बाद उसने स्माइली इमोजी भी भेजा। जब सहेली ने प्रश्नपत्र लीक होने के स्रोत के बारे में पूछा तो ऋतुजा ने जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया और इस मामले को किसी अन्य व्यक्ति से न बताने की हिदायत दी।

क्राइम ब्रांच अब इस चैट के आधार पर पेपर लीक से जुड़े लोगों और पैसों के नेटवर्क की जांच कर रही है।

अब तक सिर्फ एक अभ्यर्थी को मिला था प्रश्नपत्र: पुलिस

डीसीपी (क्राइम) राजतिलक रोशन के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा का प्रश्नपत्र सेट केवल एक अभ्यर्थी तक पहुंचा था।

बताया जा रहा है कि ऋतुजा पाटिल और गौरव पाटिल के बीच रिश्ते में विवाद के बाद यह पेपर लीक मामला सामने आया। पुलिस अब दोनों के बीच हुई बातचीत और संपर्कों की भी जांच कर रही है।

कौटिल्य अकादमी के निदेशक प्रवीण पाटिल की भूमिका पर शक

इस मामले में नंदूरबार स्थित कौटिल्य अकादमी के निदेशक प्रवीण पाटिल की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने शुक्रवार को प्रवीण पाटिल के कोचिंग सेंटर और घर की तलाशी ली। इसके अलावा ऋतुजा पाटिल के पिता अमृत पाटिल के आवास पर भी जांच की गई।

तलाशी के बाद पुलिस टीम आरोपियों को लेकर मुंबई रवाना हो गई।

कई आरोपी गिरफ्तार, एमपीएससी अधिकारी भी शामिल

पेपर लीक मामले में पुलिस ने अब तक कई लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें:

  • कौटिल्य अकादमी के निदेशक प्रवीण पाटिल
  • ऋतुजा पाटिल के पिता अमृत पाटिल
  • ऋतुजा के पूर्व प्रेमी गौरव पाटिल
  • एमपीएससी के अवर सचिव अभिजीत लेंडवे
  • कक्ष अधिकारी गोपाल मराठे
  • कक्ष अधिकारी विश्वेश्वर नकाते

शामिल हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रश्नपत्र लीक करने वाले नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं और 50 लाख रुपये की कथित डील का सच क्या है।

Location :  Maharashtra

Published :  29 August 2026, 1:51 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement